22 Nov 2026, Sun

तखतपुर के जंगल में शेरनी ने युवक पर किया हमला : गर्दन दबोचने से मौके पर मौत, शावक के साथ आसपास मौजूद होने से दहशत

 

बिलासपुर, 24 अगस्त 2026

तखतपुर क्षेत्र के जुनापारा चौकी अंतर्गत ग्राम बांधा में शेरनी के हमले से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बांधा निवासी धरम दास घृतलहरे जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में बांस से निकलने वाला करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान जंगल में अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शेरनी ने युवक के शव को भी नुकसान पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास ही मौजूद है। इसके चलते ग्रामीणों में और अधिक भय बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी है।

घटना की सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र का जायजा लेकर वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना और शेरनी की मौजूदगी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

फिलहाल ग्रामीणों को सावधानी बरतने और जंगल क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

Share
पढ़ें   अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 KM की कठिन कांवड़ यात्रा कर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने पेश की सनातन आस्था की मिसाल – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोन कर दी शुभकामनाएं, डोंगर-पहाड़-नदी पार कर नारी शक्ति का रचा अद्वितीय इतिहास