11 Oct 2026, Sun
Breaking

अंबिकापुर में घर के अंदर युवक की खून से लथपथ लाश मिली, गर्लफ्रेंड गंभीर; रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर था विवाद

अंबिकापुर, 26 अगस्त 2026। शहर के सुभाष नगर इलाके में बुधवार को लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद उसके साथ रह रही प्रेमिका ने भी गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहन पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ किराए के मकान में रह रहा था। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर युवक गंभीर रूप से घायल मिला था, जिसकी बाद में मौत हो गई। वहीं, प्रेमिका ने भी अपना गला काट लिया। घायल महिला ने पुलिस को बताया कि उसके प्रेमी ने पहले खुद अपना गला काटा था। उसे खून से लथपथ देखकर उसने भी अपना गला काट लिया।

प्रारंभिक जानकारी में रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर युवक का शव खून से लथपथ मिला, जबकि दीवार पर भी खून के निशान पाए गए। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल प्रेमिका का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share
पढ़ें   बलौदाबाजार के चंदा देवी तिवारी हास्पिटल में आयोजित हुआ भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर : 294 मरीजों का हुआ परीक्षण और उपचार, 31 मरीजों की सर्जरी, एंजियोप्लास्टी-एंजियोग्राफी सहित सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं भी हुई शुरू

 

 

 

 

 

You Missed