रायपुर, 31 अगस्त 2026। बलरामपुर में ग्राम सड़क योजना के तहत बना पुल पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने के मामले ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पूरे मामले की जानकारी आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री नेताम ने कहा कि वे घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे, इसलिए पहले मामले की पूरी जानकारी लेना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

किसान मोर्चा की बैठक पर बोले नेताम
किसान मोर्चा की बैठक को लेकर मंत्री नेताम ने कहा कि भाजपा संगठन ने अलग-अलग वर्गों से जुड़े मुद्दों के लिए विभिन्न मोर्चों की व्यवस्था की है। इन मोर्चों के माध्यम से संबंधित वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और आवश्यकताओं का लगातार अध्ययन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सरकार की योजनाओं की जानकारी जुटाता है। इसके बाद रिपोर्ट संगठन तक पहुंचाई जाती है, ताकि किसानों से जुड़े विषयों पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद किसानों से 2100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू की गई। किसानों को अधिकतम उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही वर्ष 2023 में सरकार बनने से पहले का बकाया बोनस भी दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन की जिम्मेदारी है कि किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कांग्रेस के आदिवासी आंदोलन पर निशाना
कांग्रेस द्वारा आदिवासी मुद्दों को लेकर आंदोलन की तैयारी किए जाने पर मंत्री रामविचार नेताम ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष की अपनी भूमिका होती है और वह अलग-अलग वर्गों के बीच जाकर अपनी बात रखता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी किसानों, कभी महिलाओं और कभी युवाओं के मुद्दे उठाने की बात करती है और अब उसे एसटी वर्ग दिखाई दे रहा है, इसलिए वह आदिवासी समाज के बीच जा रही है। नेताम ने दावा किया कि प्रदेश की जनता और आदिवासी समाज कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर सकता।
झीरम घाटी मामले पर बोले- न्यायालय का विषय
झीरम घाटी मामले पर मंत्री नेताम ने कहा कि यह मामला न्यायालय से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की आंतरिक लड़ाई समय-समय पर सामने आती रहती है और हाल के दिनों में कांग्रेस नेताओं के कई बयान भी सार्वजनिक हुए हैं।





