गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 02 सितम्बर 2026। पेंड्रा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में एक 13 वर्षीय बच्चे की फांसी लगाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से नाराज होकर बच्चा घर से निकल गया था। अगले दिन उसका शव खेत के पास एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, अमरपुर निवासी समर सिंह पोरते (13) को उसके पिता बुधराम सिंह पोरते ने मंगलवार शाम किसी बात को लेकर डांटा था। डांट से नाराज समर बिना किसी को बताए घर से बाहर निकल गया। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उसका कोई पता नहीं चल सका।

सुबह पेड़ पर लटका मिला शव
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास एक पेड़ पर बच्चे का शव फंदे से लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिवार को दी। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल शुरुआती जानकारी में पिता की डांट के बाद बच्चे के घर से निकलने की बात सामने आई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





