रायपुर, 04 सितंबर 2026
भाटागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार सिर्फ भक्ति और उत्सव तक सीमित नहीं रहा। अस्पताल प्रबंधन ने कृष्ण जन्मोत्सव के साथ लोगों को स्वस्थ रहने और संक्रमण से बचाव का संदेश भी दिया।

अस्पताल परिसर में बाल गोपाल की मनमोहक झांकी सजाई गई। फूलों और रोशनी से सजे परिसर में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर चित्रण आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री का भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं, मरीजों के परिजनों और उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

भक्ति के साथ स्वास्थ्य जागरूकता
जन्माष्टमी आयोजन की खास बात रही कि प्रसाद के साथ लोगों को मास्क और सैनिटाइजर भी वितरित किए गए। अस्पताल प्रबंधन ने वायरल संक्रमण और स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों से बचाव को लेकर लोगों को जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की।
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने कहा कि अस्पताल की जिम्मेदारी केवल बीमारी का इलाज करने तक सीमित नहीं है। लोगों को बीमारी से पहले ही जागरूक करना भी स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक हैं और इन खुशियों का पूरा आनंद तभी लिया जा सकता है, जब हम स्वस्थ रहें।

सेवा और संस्कार का संदेश
उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि धार्मिक आस्था के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को जोड़ना एक सकारात्मक पहल है। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सेवा, संस्कार और स्वास्थ्य जागरूकता एक साथ आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम में डायरेक्टर नम्रता सिंह, अस्पताल के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी, मरीजों के परिजन और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।





