बिलासपुर, 04 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जन्माष्टमी के उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक में मटकी बांधते समय एक युवक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया।
घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी के अवसर पर राजीव गांधी चौक में मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रेहान मटकी बांधने के लिए ऊपर चढ़ा था। मटकी बांधते समय वह पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। करंट की चपेट में आने से युवक के शरीर पर गंभीर झुलसने के निशान बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मटकी बांधने के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
जन्माष्टमी के मौके पर हुए इस हादसे के बाद आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हाईटेंशन तार के नजदीक मटकी बांधने की अनुमति और सुरक्षा मानकों की जानकारी जुटाई जा रही है।





