7 Sep 2026, Mon
Breaking

बुंदेली शेफ सीजन-4: बेंगलुरु की नैन्सी शिवहरे ने जीता खिताब, स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप

झांसी, 07 सितम्बर 2026। बुंदेलखंड की पारंपरिक पाक-कला, स्थानीय स्वाद और महिला प्रतिभाओं को मंच देने वाली लोकप्रिय प्रतियोगिता ‘बुंदेली शेफ सीजन-4’ का ग्रैंड फिनाले रविवार को झांसी में संपन्न हुआ। लाखों दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुके डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म बुंदेलखंड 24×7 की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पांच प्रतिभागियों ने अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया।

कड़े मुकाबले के बाद बेंगलुरु की नैन्सी शिवहरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुंदेली शेफ सीजन-4 का खिताब अपने नाम किया। वहीं ललितपुर की स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप और टीकमगढ़ की प्रतिभा मिश्रा सेकंड रनरअप रहीं। फाइनल में भोपाल की हेमा गुप्ता और इंदौर की सुरुचि जैन ने भी अपने व्यंजनों और पाक-कला से निर्णायकों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के व्यंजनों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में शामिल अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा और प्रसिद्ध शेफ संजय शर्मा ने किया। कार्यक्रम में काजल कुशवाहा भी मौजूद रहीं।

 

 

पारंपरिक स्वाद को नई पहचान देना उद्देश्य

इस अवसर पर बुंदेलखंड 24×7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि बुंदेली शेफ का उद्देश्य सिर्फ पाक-कला प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद और यहां की प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों का हुनर मंच तक सीमित न रहे, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए नए अवसर भी उपलब्ध हों।

दीपमाला कुशवाहा ने सभी फाइनलिस्ट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुंदेली शेफ की फाइनलिस्ट महिलाएं महिला सशक्तीकरण की प्रेरणादायक मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने घर और किचन की सीमाओं से आगे बढ़कर बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद, संस्कृति और पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पढ़ें   PM आवास योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड: 10 माह में बने 5 लाख पक्के घर; CM विष्णुदेव साय बोले– यह सिर्फ मकान नहीं, गरीबों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की नींव

सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को मिलेगा उद्यम का मौका

बुंदेली शेफ के मंच से बुंदेलखंड 24×7 ने प्रतिभागियों को व्यवसाय से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल की घोषणा भी की। इसके तहत सीजन-1 से सीजन-4 तक के सभी सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को अपने पाक-कौशल को व्यवसाय में बदलने का अवसर मिलेगा।

जो महिला प्रतिभागी क्लाउड किचन, होम-बेस्ड फूड बिजनेस या कुकिंग से जुड़ा स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं, वे अपना बिजनेस आइडिया और पिच नोट बुंदेलखंड 24×7 के साथ साझा कर सकेंगी। प्रस्तावों के मूल्यांकन के बाद चयनित प्रतिभागियों को चैनल की ‘प्रगति’ पहल के माध्यम से उद्यम शुरू करने के लिए फंडिंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के पाक-कौशल को केवल प्रतियोगिता और प्रदर्शन तक सीमित न रखकर उसे रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। इससे प्रतिभागियों को अपने हुनर को स्थायी व्यवसाय में बदलने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

लगातार प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

गौरतलब है कि ‘बुंदेली शेफ’ के माध्यम से बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय स्वाद और पाक-कला से जुड़ी प्रतिभाओं को लगातार मंच दिया जा रहा है। सीजन-4 में ऑडिशन और विभिन्न चरणों के बाद पांच प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई और खिताब के लिए मुकाबला किया।

आयोजन में शुद्ध मसाला ने मसाला पार्टनर, ट्रॉफी हाउस ने ट्रॉफी पार्टनर और पीआर 24×7 ने पीआर पार्टनर के रूप में सहयोग किया। वहीं रुद्राणी कलाग्राम ने भी कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed