रायपुर, 17 सितम्बर 2026। रायपुर प्रेस क्लब में भगवान गणेश की आराधना के साथ हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्षों की यात्रा को समर्पित गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रेस क्लब परिसर को हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, विकास यात्रा और बदलते स्वरूप को दर्शाने वाली विशेष थीम आधारित साज-सज्जा से सजाया गया है।
गणेश उत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे पत्रकार साथियों की सहभागिता और आपसी आत्मीयता का उत्सव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से पत्रकारिता की अलग-अलग विधाओं से जुड़े पत्रकार साथियों को प्रतिदिन भगवान गणेश की सेवा और संध्या आरती में सहभागी बनने का अवसर दिया जा रहा है।

सहभागिता के लिए 17 सितंबर को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, 18 सितंबर को फोटो जर्नलिस्ट, 19 सितंबर को महिला पत्रकार, 20 सितंबर को वीडियो जर्नलिस्ट, 21 सितंबर को प्रेस क्लब कार्यकारिणी टीम, 22 सितंबर को वरिष्ठ पत्रकार और 23 सितंबर को खेल समिति से जुड़े पत्रकार साथियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

संध्या आरती प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रायपुर प्रेस क्लब परिसर में आयोजित की जा रही है। प्रेस क्लब ने सभी पत्रकार साथियों से अपनी निर्धारित तिथि पर परिवारभाव के साथ उपस्थित होकर भगवान गणेश की आरती, सेवा और प्रसाद ग्रहण में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
रायपुर प्रेस क्लब के अनुसार, यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को नमन करने के साथ पत्रकार साथियों के बीच एकजुटता, सहभागिता और आत्मीयता को मजबूत करने का अवसर भी है।




