भिलाई, 21 सितम्बर 2026। भिलाई के पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में पारख ज्वेलर्स के स्टोर में सोमवार तड़के करीब 3:21 बजे अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से धुआं और लपटें निकलती देखकर आसपास के लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उस समय तक आग दुकान के अंदर काफी फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक टैंकर पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया।

लाखों के नुकसान की आशंका
आग की वजह से स्टोर में रखा सामान जलने से कई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी सामने नहीं आया है और इसकी जांच की जा रही है।

संकरी गलियों के कारण हुई परेशानी
जवाहर मार्केट की गलियां काफी संकरी हैं। ऐसे में दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया। इससे बाजार में बड़ा हादसा होने से टल गया।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
आग बुझाने वाली टीम में दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में रामनाथ कुरे, जितेन्द्र वर्मा और हरीश शामिल रहे। टीम की तत्परता से आग को आसपास फैलने से रोकने में सफलता मिली।




