रायपुर, 28 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी पूरी तरह थमी नहीं हैं। सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 12 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।
इन जिलों में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली शामिल हैं। इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

महादेवघाट पुल से आवागमन शुरू
लगातार बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। रायपुर के महादेवघाट पुल से आवागमन फिर शुरू कर दिया गया है। अमलेश्वर जाने वाला यह रास्ता पिछले दो दिनों से बंद था।

महादेवघाट में गणेश विसर्जन को देखते हुए फिलहाल केवल समितियों के सदस्यों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
नदी-नालों में हादसे, 3 लोगों की मौत
प्रदेश में बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों में अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों के बहने की सूचना है। इनमें 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई स्थानों पर प्रशासन और राहत दलों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित निकाला।
बस्तर और रायगढ़ समेत कई इलाकों में भारी बारिश का असर देखने को मिला। कुछ स्थानों पर बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी, जबकि अब कई क्षेत्रों में पानी उतरने लगा है।
इस सीजन सामान्य से 5% ज्यादा बारिश
छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 30 सितंबर तक सामान्य औसत बारिश 1132.3 मिमी मानी जाती है, जबकि 26 सितंबर तक 1190.7 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से करीब 5.16% अधिक है।
तेज हवा और बारिश के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने से बचने की सलाह दी गई है। पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूरी बनाए रखें। अचानक तेज हवा या बारिश होने पर वाहन चलाते समय भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।




