1 Oct 2026, Thu

सूरजपुर में रेप के आरोप से भड़की नाबालिग: मुंहबोले बाबा पर सब्बल से हमला, ब्लेड से गला काटकर हत्या; फिर फरार

सूरजपुर, 01 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग ने आधी रात नाबालिग के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। इसके बाद लड़की ने गुस्से में सब्बल से उसके सिर पर वार किया और ब्लेड से गला काट दिया। घटना में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र के महुआपारा का है। घटना के बाद नाबालिग मौके से भाग गई थी। पुलिस ने उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुंहबोला बाबा मानती थी नाबालिग

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सीताराम गोंड़ के रूप में हुई है। वह निर्माणाधीन मकान की चौकीदारी करता था। मकान SECL कर्मचारी कामता प्रसाद साहू का बताया गया है।

नाबालिग कुछ दिन पहले काम के सिलसिले में सूरजपुर आई थी। सीताराम उसका दूर का रिश्तेदार था और लड़की उसे मुंहबोला बाबा मानती थी। इसी वजह से वह उसके घर पर ही रुकी हुई थी।

आधी रात की घटना

पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर की रात दोनों ने खाना खाने के बाद सो गए थे। आरोप है कि आधी रात सीताराम ने नाबालिग के साथ जबरदस्ती की।

इसके बाद लड़की ने पास में रखा सब्बल उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया। फिर बिस्तर के पास रखे ब्लेड से उसका गला काट दिया। गंभीर चोटों के कारण सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह भागते समय मजदूरों ने देखा

घटना के बाद डर और अंधेरे के कारण नाबालिग रात में बाहर नहीं निकली। अगली सुबह वह निर्माणाधीन मकान से बाहर निकलकर भाग रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद मजदूरों की नजर उस पर पड़ी।

पढ़ें   सुकमा के कोंटा में नक्सलियों का कायराना आईईडी हमला : एएसपी आकाश राव गिरपुंजे शहीद, कई जवान घायल – मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, कहा- नक्सलियों को नहीं बख्शा जाएगा, जल्द छत्तीसगढ़ से होगा सफाया

मजदूरों ने अंदर जाकर देखा तो सीताराम मृत अवस्था में पड़ा था। उसके गले पर चोट थी और आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने नाबालिग को पकड़ा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने जांच के दौरान नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी।

फिलहाल पुलिस रेप के आरोप, हत्या की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। नाबालिग को न्यायिक प्रक्रिया के तहत बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed