रायपुर, 03 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसके चलते अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
शुक्रवार को बीजापुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा। बीजापुर में बहुत हल्की वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
प्रदेश में शुक्रवार को तापमान में काफी अंतर देखने को मिला। राजनांदगांव 34.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री, जगदलपुर में 21.6 डिग्री और दुर्ग में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 23.7 डिग्री दर्ज किया गया। माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 24.4 डिग्री रहा।
कई राज्यों से मानसून की वापसी के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर आगे बढ़ रही है। अगले 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों के साथ गुजरात तथा मध्य प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मानसून की वापसी के लिए अनुकूल स्थिति बनने के संकेत हैं।
3 अक्टूबर को रायपुर में साफ रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में 3 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शुक्रवार को रायपुर में सुबह और शाम दोनों समय वर्षा शून्य दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने और मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।



