6 Oct 2026, Tue

25 करोड़ की रंगदारी का मामला: शोएब ढेबर के फरार होते ही पुलिस ने रखा 5 हजार का इनाम, बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी

रायपुर, 6 अक्टूबर। बिश्नोई गैंग के नाम पर कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार है। रायपुर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

पुलिस के मुताबिक, शोएब ढेबर लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा है। पुलिस पहले उसे इस मामले में गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन जमानत मिलने के बाद उसे रिहा करना पड़ा था। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से उसकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ली। अनुमति मिलने के बाद से ही शोएब फरार है।

विदेशी नंबर से दी गई थी धमकी

मामला 14 सितंबर का है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल के जरिए धमकी दी गई थी। आरोपी ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी।

पुलिस की जांच के दौरान इस मामले में कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। हालांकि, जमानत मिलने के बाद उसकी रिहाई हो गई। दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

दो पुलिसकर्मी भी लाइन अटैच

शोएब ढेबर की तलाश के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात दो कॉन्स्टेबलों पर भी विभागीय कार्रवाई की गई है। इनमें कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम के नाम सामने आए हैं।

दोनों पर संबंधित मामले से जुड़ी पुलिस की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप बताया जा रहा है। हालांकि, कार्रवाई करने वाले अधिकारियों ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पढ़ें   दिल्ली एयरपोर्ट पर इबोला अलर्ट: कांगो-युगांडा से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग तेज, हेल्थ डेस्क को तुरंत सूचना देने के निर्देश

एजाज ढेबर से भी मांगे गए थे 50 करोड़

इससे पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम पर धमकी देकर 50 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। एजाज ढेबर ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।

अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ की रंगदारी मांगने और एजाज ढेबर से 50 करोड़ मांगने वाले मामलों के बीच कोई कनेक्शन है या नहीं। पुलिस ने फिलहाल जांच से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *