7 Oct 2026, Wed
Breaking

रायपुर में ‘नमो सेवा गाथा’ से दिखी PM मोदी की 25 साल की यात्रा: CM साय बोले—सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा सार्वजनिक जीवन

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर देश के सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक की उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर वे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उनके नेतृत्व में शासन की योजनाओं के केंद्र में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग रहे हैं।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य देश के सामने रखा है। इसे साकार करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के निर्माण के साथ हमें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी पूरी शक्ति और संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। एक महीने के इस अभियान को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

‘नमो सेवा गाथा’ से युवाओं को मिला प्रेरणा का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जानने का अवसर मिला। उनका जीवन विशेष रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और सेवा भाव के माध्यम से देश का नेतृत्व करने तक की यह यात्रा युवाओं को संदेश देती है कि मजबूत संकल्प और जनसेवा के उद्देश्य से बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।

बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को सफलता मिली है।

पढ़ें   GPM स्थापना दिवस पर स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात: CM विष्णुदेव साय ने 18 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरयुक्त जिला अस्पताल का किया शुभारंभ, 52 पंचायतें टीबी मुक्त और 71 बाल विवाह मुक्त घोषित

उन्होंने कहा कि दशकों तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। जिन क्षेत्रों में कभी विकास पहुंचाना कठिन था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। बस्तर में शांति, विकास और जनविश्वास का नया दौर प्रारंभ हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि बस्तर का प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा उद्यमिता के बेहतर अवसर मिलें।

किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसान हित में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

महतारी वंदन से महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण को राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बनाया है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे महिलाओं की आर्थिक सामर्थ्य के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी मजबूत हो रही है।

छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 51 हजार करोड़ रुपए के कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। नई रेल परियोजनाओं और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

बेहतर रेल नेटवर्क से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

जनजातीय गांवों में मजबूत हो रही बुनियादी सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, संस्कृति का संरक्षण और क्षेत्रों का समग्र विकास प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकताओं में रहा है।

उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

पढ़ें   अबूझमाड़ की विरासत को मिलेगी दुनिया में पहचान: पीला-काला कोसरा और तिखुर के लिए शुरू हुई GI टैग की प्रक्रिया

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज हमारी संस्कृति और परंपराओं का गौरव है। सरकार का प्रयास है कि विकास की यात्रा में जनजातीय अंचल प्रमुख विकास केंद्र के रूप में आगे आएं।

वैश्विक निवेश के मानचित्र पर उभर रहा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत के प्रति बढ़े विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति, पारदर्शी प्रशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के माध्यम से राज्य को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर के उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण से प्रभावित होकर 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रुचि दिखाई।

उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती तथा आधुनिक उद्योग, तकनीक और नवाचार के नए अवसर तैयार करना है।

राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। हमारा लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जो समृद्ध, आत्मनिर्भर हो और देश की विकास यात्रा में अग्रणी योगदान दे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का निर्माण केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय लक्ष्य है।

उन्होंने नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आर्थिक प्रगति और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए देश की सेवा को सर्वोपरि रखा है।

उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान से लेकर विकसित भारत-2047 तक विभिन्न अभियानों और लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा मिली है।

कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed