दुर्ग-भिलाई, 8 अक्टूबर। भिलाई-3 क्षेत्र में बंद किए गए लोकल ट्रेनों के ठहराव को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर ग्रामीण आज रेल रोको आंदोलन करेंगे। आंदोलन के लिए ग्रामीणों ने सुबह 9 बजे सी केबिन और डी केबिन स्टेशन पर जुटने का आह्वान किया है। देवबलौदा, जी. केबिन और चरोदा क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है।
ग्रामीणों का कहना है कि लोकल ट्रेनों के ठहराव बंद होने से रोजाना नौकरी, मजदूरी, व्यापार और पढ़ाई के लिए सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। आसपास के गांवों से भिलाई-3 और अन्य क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों के लिए लोकल ट्रेन प्रमुख परिवहन साधन है। ठहराव बंद होने के बाद यात्रियों को दूसरे स्टेशनों तक जाने या वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

ठहराव बहाल करने की प्रमुख मांग
ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि रेलवे द्वारा बंद किए गए लोकल ट्रेनों के ठहराव तत्काल बहाल किए जाएं। आंदोलन के दौरान रेलवे प्रशासन के सामने स्थानीय यात्रियों की समस्याएं रखी जाएंगी। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित ट्रेन सुविधा बहाल होने से आसपास के गांवों और भिलाई-3 क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

जीआरपी-आरपीएफ अलर्ट मोड पर
रेल रोको आंदोलन की सूचना के बाद रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ अलर्ट मोड पर हैं। स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों की तैनाती की जाएगी।
रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका
बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने और रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन की स्थिति बनने पर लोकल ट्रेनों के साथ अन्य यात्री ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हो सकता है। रेलवे प्रशासन आंदोलन की स्थिति पर नजर रख रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद रेलवे प्रशासन बंद किए गए ठहराव को लेकर क्या निर्णय लेता है।



