धमतरी, 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगरेल से दर्शन कर लौट रहे लोगों से भरी एक पिकअप वाहन भटगांव रोड के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त वाहन में 40 से अधिक लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं।
क्षमता से अधिक लोग थे सवार
मिली जानकारी के मुताबिक, पिकअप में निर्धारित क्षमता से अधिक लोग सवार थे। सभी लोग गंगरेल से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भटगांव रोड के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पिकअप में सवार यात्रियों को चोटें आईं।

जिला अस्पताल में घायलों का उपचार
दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




