13 Oct 2026, Tue

झारखंड में मौत बनकर आया ट्रक: छत्तीसगढ़ के परिवार की 3 जानें गईं, 2 गंभीर; हादसे के बाद चालक फरार

राजनांदगांव, 13 अक्टूबर । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत में छत्तीसगढ़ के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, कार में सवार 8 से 9 महीने का एक शिशु सुरक्षित बच गया। घायलों को जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसा पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव में रहने वाला परिवार कार से छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है। वहीं, हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल रेफर किया गया।

परिवार के साथ कार में मौजूद 8 से 9 महीने का शिशु हादसे में सुरक्षित बच गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

पढ़ें   लू और तपती गर्मी से हालात बेकाबू : छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की छुट्टियां 22 जून तक बढ़ सकती हैं, फैसला जल्द संभव

पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

हाटगम्हरिया थाना पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल ट्रक और कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *