19 Oct 2026, Mon
Breaking

छत्तीसगढ़ में भाजपा की चुनावी बिसात बिछाने आएंगी स्मृति ईरानी: दो दिन रायपुर में रहेंगी, संगठन की समीक्षा कर 2028-29 के लिए बनेगी रणनीति

रायपुर, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नवनियुक्त प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इसे आगामी चुनावों की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

पूर्व सांसदों और विधायकों से लेंगी फीडबैक

पार्टी सूत्रों के अनुसार, अपने दौरे के दौरान स्मृति ईरानी पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान उनके कामकाज की समीक्षा करने के साथ ही संगठन की मौजूदा स्थिति और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि वह नेताओं से वन-टू-वन चर्चा कर उनका रिपोर्ट कार्ड भी लेंगी।

संगठनात्मक स्तर पर इस समीक्षा के बाद 60 से अधिक पूर्व सांसदों और विधायकों को पार्टी की आगामी रणनीति के तहत नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। भाजपा का जोर विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर रहेगा।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

भाजपा प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय करने की दिशा में काम कर रही है। वहीं, स्थानीय निकाय चुनावों की जिम्मेदारी संगठन महामंत्री कर्मवीर संभाल रहे हैं। वह कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की गतिविधियों और जमीनी स्थिति का फीडबैक ले रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभार मिलने के बाद स्मृति ईरानी का यह दौरा प्रदेश में पार्टी की रणनीति तय करने और संगठन में नई ऊर्जा लाने के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकता है।

पढ़ें   रायपुर में शुरू हुई ब्रेस्ट केयर क्लिनिक: ₹1,499 में होगी स्क्रीनिंग; हर गुरुवार एक ही जगह मिलेंगी कैंसर के तीन विशेषज्ञ विभागों की सेवाएं

कांग्रेस ने उठाए सवाल, भाजपा ने जताया उत्साह

स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने उनके दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो नेत्री स्वयं चूकी हुई हों, वे क्या रणनीति बनाएंगी। कांग्रेस ने महंगाई जैसे मुद्दों पर भी स्मृति ईरानी की चुप्पी को लेकर निशाना साधा।

वहीं, भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने प्रदेश प्रभारी के आगमन पर कार्यकर्ताओं में उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रतिदिन अपने निर्धारित लक्ष्यों को लेकर काम करती है।

स्मृति ईरानी के इस दौरे में संगठन की समीक्षा, नेताओं की जिम्मेदारी तय करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में उनके दौरे पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ प्रदेश के सियासी गलियारों की भी नजर रहेगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed