अंबिकापुर, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों बतौली के शांतिपारा में दशहरा मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काराबेल और बिशुनपुर के बीच पीछे से आ रहे सरिया लोड ट्रेलर ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह करीब 6 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सीतापुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनतराई निवासी पवन मांझी (16), पिता कुसित मांझी, और सूर्यकांत पैकरा (15), पिता हरिलाल पैकरा, मंगलवार रात बतौली के शांतिपारा दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम देखने गए थे। पूरी रात कार्यक्रम देखने के बाद दोनों बुधवार सुबह करीब 6 बजे टीवीएस एक्सएल मोपेड से घर लौट रहे थे।

जैसे ही वे अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काराबेल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे सरिया लोड ट्रेलर ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर मोपेड को कई मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इससे मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों किशोर सड़क पर गिर पड़े।

सिर में गंभीर चोट लगने से मौत
बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों किशोरों ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और सुबह टहलने निकले ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सड़क पर दोनों किशोरों के शव और क्षतिग्रस्त मोपेड देखकर लोग स्तब्ध रह गए।
ट्रेलर छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही सोनतराई गांव में शोक की लहर फैल गई। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की अपील: नाबालिगों को वाहन न दें
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों के वाहन चलाने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन पर सफर करने के खतरों को सामने ला दिया है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है।


