मुंबई, 23 अक्टूबर। अभिनेता अनिल कपूर अपने दिवंगत दोस्त और अभिनेता-फिल्मकार सतीश कौशिक को याद कर भावुक हो गए। स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ के आगामी एपिसोड में अनिल कपूर ने सतीश कौशिक के साथ बिताए पलों और अपनी गहरी दोस्ती से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। सतीश कौशिक से मिलती-जुलती शक्ल वाले प्रतियोगी गगन को देखकर अनिल को अपने पुराने दोस्त की याद आ गई।
सतीश कौशिक को याद कर भावुक हुए अनिल कपूर
शो के दौरान गगन ने बताया कि लोग अक्सर उनकी शक्ल की तुलना सतीश कौशिक से करते हैं। उन्होंने दिल्ली में टीवी शो ‘सुमित संभाल लेगा’ की शूटिंग के दौरान सतीश कौशिक से मुलाकात का किस्सा भी सुनाया। गगन की बातें सुनकर अनिल कपूर पुरानी यादों में खो गए।

अनिल कपूर ने कहा कि सतीश कौशिक के साथ उनका रिश्ता इतना गहरा था कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि 70 मिनट का कार्यक्रम भी उनके दोस्त के किस्से सुनाने के लिए कम पड़ जाएगा। सतीश अक्सर उनकी प्रतिभा की तारीफ करते थे और कहते थे कि उनका टैलेंट लाजवाब है।

‘मेरा जुड़वां भाई बन सकता था तो सिर्फ सतीश’
अनिल कपूर ने बताया कि वह प्यार से सतीश कौशिक को ‘डैनी डेविटो’ बुलाते थे। दोनों को फिल्म ‘ट्विन्स’ बेहद पसंद थी और वे अक्सर जुड़वां भाइयों की भूमिका निभाने की कल्पना करते थे।
अपने रिश्ते की गहराई बताते हुए अनिल कपूर ने कहा, “अगर मेरा कोई जुड़वां भाई बन सकता है, तो वह सिर्फ सतीश था, क्योंकि उसको मेरे बारे में हर चीज पता थी। मेरा गुस्सा, मेरी खुशी, हर चीज। वह मुझे बहुत अच्छी तरह जानता था।”
सतीश कौशिक का डायलॉग सुनकर खिल उठे चेहरे
भावुक बातचीत के बीच शो में हंसी-मजाक का दौर भी चला। गगन और अनिल कपूर ने मंच पर सतीश कौशिक का मशहूर डायलॉग “मेरा नाम है कैलेंडर, मैं चला किचन के अंदर!” दोहराया। इस दौरान सतीश कौशिक का चिरपरिचित मजाकिया अंदाज एक बार फिर याद आ गया।
गगन की प्रस्तुति से खुश होकर अनिल कपूर ने कहा, “आपने मेरा दिल जीत लिया है।” इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में दर्शकों से कहा कि अगर किसी के पास फिल्म ‘ट्विन्स’ से प्रेरित फिल्म बनाने के पैसे हों, तो वह उन्हें और गगन को जुड़वां भाइयों की भूमिका में जरूर कास्ट करे।
दोस्ती, अपनापन और यादों का खास पल
शो में हुई यह बातचीत सिर्फ सतीश कौशिक की कला को याद करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि अनिल कपूर और उनके बीच की गहरी दोस्ती की झलक भी दिखा गई। अनिल की बातों से साफ नजर आया कि सतीश कौशिक के साथ बिताए पल आज भी उनके दिल में खास जगह रखते हैं।
कब और कहां देखें शो: ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होता है।


