2 Nov 2026, Mon
Breaking

दिल्ली के भारत मंडपम में CM साय ने पेश किया छत्तीसगढ़ का ऊर्जा रोडमैप, 130 देशों के प्रतिनिधियों के सामने रखेंगे निवेश की संभावनाएं

 

रायपुर, 2 नवंबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद रहे।

समिट के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन प्रस्तावित है। इसके बाद मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों की भागीदारी में राउंडटेबल चर्चा होगी।

इस वैश्विक आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ का ऊर्जा रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। इसमें राज्य को पारंपरिक बिजली उत्पादन क्षमता के साथ-साथ स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने राज्य की प्राकृतिक संसाधन क्षमता, नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार परियोजनाओं और निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के साथ छत्तीसगढ़ को निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

राज्य की ऊर्जा रणनीति में सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, आधुनिक ऊर्जा अधोसंरचना के विकास और निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री साय समिट के दौरान निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों और निवेश के अनुकूल माहौल पर चर्चा होगी। सरकार का उद्देश्य राज्य की ऊर्जा क्षमता को औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में बदलना है।

2 से 5 नवंबर तक आयोजित चार दिवसीय वैश्विक समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय मंच के जरिए छत्तीसगढ़ को अपनी स्वच्छ ऊर्जा नीति, निवेश संभावनाओं और भविष्य के ऊर्जा विजन को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

Share
पढ़ें   CGMSC घोटाला: IAS-IFS अफसरों और कारोबारियों की मिलीभगत से सरकार को 411 करोड़ का झटका, 27 दिनों में 750 करोड़ की घोटालेबाज खरीदी, 10 बड़े अधिकारी EOW के निशाने पर!

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed