अंबिकापुर, 09 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में एक अकेले हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दीपावली की रात जब लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, उसी दौरान कबरा नाम के लोनर हाथी ने दो और लोगों को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद दो परिवारों में मातम पसर गया है। अब तक यह हाथी 16 लोगों की जान ले चुका है।
जानकारी के मुताबिक, पिछले कई महीनों से सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के सीमावर्ती इलाकों में अकेले घूम रहा यह हाथी दीपावली की रात पहली बार सूरजपुर जिले के नए इलाकों में पहुंचा। अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनगरा के पास श्यामनगर में हाथी ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। इसके बाद हाथी लटोरी-बतरा क्षेत्र की ओर बढ़ गया। यहां बतरा के पास राई इलाके में उसने एक अन्य व्यक्ति को भी कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

पिछले सप्ताह भी दो लोगों की ली थी जान

स्थानीय स्तर पर कबरा के नाम से पहचाने जाने वाले इस हाथी ने पिछले सप्ताह ही सूरजपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अकेले विचरण करने के कारण हाथी तेजी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंच जाता है। ऐसे में वन विभाग की टीम को उसकी सही लोकेशन का पता लगाने में काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश
इस क्षेत्र में आमतौर पर हाथियों की आवाजाही कम रहती है। ऐसे में ग्रामीण हाथियों से बचाव को लेकर ज्यादा जागरूक नहीं हैं। अचानक कबरा हाथी के पहुंचने और दो लोगों की मौत के बाद इलाके में शोक के साथ आक्रोश भी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दीपावली के दिन हाथी की निगरानी ठीक से नहीं की गई। लोगों को उसकी आवाजाही की जानकारी नहीं थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथी की पल-पल की लोकेशन मुनादी और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से साझा की जाए, ताकि लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सके।
ट्रेंकुलाइज करने का प्रस्ताव अब तक अटका
सूरजपुर के वन मंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने हाथी के हमले में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने जल्द ही हाथी को ट्रेंकुलाइज कर नियंत्रित करने की बात कही है। हालांकि, इस संबंध में शासन को भेजा गया प्रस्ताव अब तक मंजूर नहीं हुआ है।
हाथी के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए उस पर रेडियो कॉलर लगाने और उसकी आक्रामकता कम करने के लिए वैज्ञानिक उपाय करने की योजना है। लेकिन शासन स्तर से अनुमति नहीं मिलने के कारण वन विभाग की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।
वन मंत्री के निर्देश के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं
वन मंत्री केदार कश्यप ने भी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को हाथी के प्रबंधन के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। पूरा मामला प्रस्ताव और अनुमति की प्रक्रिया में उलझा हुआ है, जबकि कबरा हाथी लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है।


