9 Nov 2026, Mon

रायगढ़ में तंत्र-मंत्र के नाम पर घिनौना खेल : बीमारी ठीक करने बुलाया फिर किया दुष्कर्म; 6 लाख की ठगी में महिला समेत 2 गिरफ्तार

 

रायपुर, 09 नवंबर 2026। रायगढ़ पुलिस ने 40 वर्षीय महिला से दुष्कर्म और करीब 6 लाख रुपए की ठगी के मामले में एक पुरुष और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला को बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही बाधाएं दूर करने का झांसा देकर कथित तौर पर अपने जाल में फंसाया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की पहचान चंद्र कुमार जायसवाल (45) निवासी ग्राम तानसीपार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रायगढ़ जिले के लैलूंगा में किराए के मकान में रह रहा था। वहीं, उसकी महिला सहयोगी गायत्री माणिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39) धरमजयगढ़ के गेर्सा सुखवासीपारा की रहने वाली है।

पीड़िता लैलूंगा क्षेत्र की निवासी और अविवाहित है। उसने 5 नवंबर 2026 को रायगढ़ के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने शारीरिक शोषण और आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की होने के कारण मामला उसी दिन घरघोड़ा थाने भेज दिया गया, जहां पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित ने उसकी मुलाकात चंद्र कुमार जायसवाल से कराई थी। परिचित ने बताया था कि जायसवाल को विशेष शक्तियां प्राप्त हैं और वह तंत्र-मंत्र व देसी दवाओं से बीमारियों का इलाज करता है। इसके बाद महिला ने फोन पर उससे संपर्क किया और अपने शरीर में लगातार दर्द रहने तथा शादी के लिए रिश्ता नहीं मिलने की समस्या बताई।

आरोपी ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान के जरिए उसकी बीमारी ठीक करने के साथ शादी में आ रही बाधाएं भी दूर कर सकता है। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सऐप के जरिए बातचीत होने लगी।

पढ़ें   घने कोहरे ने रोकी रफ्तार: दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर तक गिरी, IGI एयरपोर्ट पर 200 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित, कई रद्द और डायवर्ट

8 मार्च 2026 को पूजा के बहाने बुलाया

पुलिस के अनुसार, 8 मार्च 2026 को जायसवाल ने महिला को पूजा और उपचार के बहाने घरघोड़ा में रायगढ़ रोड स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। महिला बस से घरघोड़ा पहुंची, जहां आरोपी उसे बाइक से अपने कमरे में ले गया। वहां पहले से उसकी महिला सहयोगी गायत्री महंत मौजूद थी।

महिला सहयोगी ने पीड़िता से उसकी परेशानियों के बारे में पूछा और पूजा के लिए कपूर, आंगन की मिट्टी और मिठाई लाने को कहा। इसके बाद उसे नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने के लिए कहा गया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि पूजा के दौरान एक महिला मौजूद रहेगी, इसलिए उसे घबराने की जरूरत नहीं है।

प्रसाद बताकर पिलाया नशीला पानी, बेहोशी में दुष्कर्म

पीड़िता के मुताबिक, नहाने के बाद वह पूजा स्थल पर पहुंची। कुछ देर बाद जायसवाल ने हवन और पूजा-पाठ शुरू किया। इसी दौरान उसने महिला को अभिमंत्रित पानी बताकर एक गिलास पानी पिलाया। पानी पीने के कुछ ही देर बाद महिला को तेज चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई।

आरोप है कि महिला के बेहोश होने का फायदा उठाकर जायसवाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने इसे शादी की बाधाएं और शारीरिक परेशानियां दूर करने के लिए जरूरी बताया।

पूजा और नौकरी का झांसा देकर 6 लाख रुपए ऐंठे

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने शुरुआत में पूजा-पाठ के नाम पर उससे 4 हजार और फिर 16 हजार रुपए लिए। इसके बाद जायसवाल ने डायरेक्ट सेलिंग कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे निवेश के नाम पर पैसे लेने शुरू कर दिए।

पढ़ें   शिवनाथ नदी प्रदूषण मामला: शराब फैक्ट्री पर हाईकोर्ट सख्त; पर्यावरण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट में हुआ खुलासा, निगरानी टीम बनाने का आदेश

इस तरह अलग-अलग बहाने बनाकर आरोपियों ने महिला से करीब 6 लाख रुपए की ठगी की। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे जान से मारने समेत अन्य गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

साजिश रचकर वारदात को दिया अंजाम

घरघोड़ा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 61(2), 49, 123 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने जांच शुरू की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस की जांच में सामने आया कि जायसवाल और माणिकपुरी पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे और उनके बीच संबंध थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर महिला को तंत्र-मंत्र से इलाज का झांसा देकर घरघोड़ा बुलाने की साजिश रची थी। पूजा के दौरान अभिमंत्रित पानी बताकर दिए गए पानी में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिससे महिला बेहोश हो गई और जायसवाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 8 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई की निगरानी एसएसपी शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने की। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उपनिरीक्षक खेमराज पटेल और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *