10 Nov 2026, Tue
Breaking

रायपुर में छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज: महादेव घाट पर 15 नवंबर को भव्य सांस्कृतिक संध्या, गायत्री यादव समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति

रायपुर, 10 नवंबर 2026। छठ महापर्व आयोजन समिति, महादेव घाट रायपुर की ओर से इस वर्ष चार दिवसीय छठ महापर्व भव्यता और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ इसका समापन होगा। आयोजन को लेकर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने रायपुरा स्थित लव कुश होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि समिति की बैठक में सर्वसम्मति से छठ पूजा 2026 को भव्य एवं पारंपरिक तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, कोरबा, बस्तर सहित विभिन्न शहरों में छठ महापर्व बड़े उत्साह से मनाया जाता है।

उन्होंने बताया कि रायपुर में खारुन नदी के महादेव घाट, व्यास तालाब सहित 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होगा। नवा रायपुर अटल नगर में झांझ तालाब के किनारे भी भव्य आयोजन किया जाएगा।

चार दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान

छठ महापर्व का कार्यक्रम चार दिनों तक चलेगा। इसके तहत 13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु सूर्य देव और छठी मैया की आराधना करेंगे।

महादेव घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती

15 नवंबर को महादेव घाट पर शाम 4 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय लोक गायिका गायत्री यादव (लखनऊ), लोक गायक मुकुल सिंह और लोक गायिका इशरत जहां केडिया (मुंबई) छठ गीतों की प्रस्तुति देंगे।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी लोकधारा के प्रसिद्ध कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा एवं उनकी टीम द्वारा अंतरराष्ट्रीय नृत्य-नाटिका और झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी दिन शाम को महादेव घाट पर भव्य महाआरती का आयोजन भी होगा।

पढ़ें   CM विष्णु देव साय का बड़ा फैसला: बारकोड स्कैनिंग में देरी पर प्राइवेट स्कूलों को 7 दिन की मोहलत, किताबों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने सख्त निर्देश

50 से अधिक घाटों पर सफाई अभियान

समिति अध्यक्ष ने बताया कि छठ महापर्व स्वच्छता का सबसे बड़ा प्रतीक है। जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से खारुन नदी के महादेव घाट सहित शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व प्राचीन काल से ही स्वच्छता, पवित्रता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देता आ रहा है। इस पर्व में श्रद्धालु स्वयं सड़कों और घाटों की सफाई करते हैं तथा पूरी शुद्धता के साथ प्रसाद तैयार कर सूर्य देव को अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि छठी मैया को विश्व की सबसे बड़ी स्वच्छता की ब्रांड एंबेसडर कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।

डूबते और उगते सूर्य की होती है पूजा

छठ पर्व को षष्ठी पूजा और सूर्य षष्ठी व्रत के नाम से भी जाना जाता है। यह कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला प्रमुख लोकपर्व है। इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल के तराई क्षेत्रों में विशेष रूप से मनाया जाता है।

बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग देश-विदेश में जहां भी बसे हैं, वहां अपनी इस परंपरा और संस्कृति को जीवित रखे हुए हैं। नेपाल, फिजी, मॉरीशस, सूरीनाम और गुयाना सहित कई देशों में भी छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।

पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के उप प्रमुख कन्हैया सिंह, संतोष सिंह, प्रचार-प्रसार सचिव ब्रजेश सिंह, सह सचिव राकेश सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील सिंह, रविंद्र सिंह, मुक्तिनाथ पांडे, शशि सिंह, रामकुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह गौतम, अजय शर्मा, वेद नारायण सिंह कुशवाहा, जयंत सिंह, जय प्रकाश सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed