12 Nov 2026, Thu

विकसित भारत @2047 के विजन पर छत्तीसगढ़ का फोकस: गांवों में जलवायु अनुकूल काम होंगे प्राथमिकता, निमोरा में अफसरों की कार्यशाला शुरू

रायपुर, 12 नवम्बर। छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रक्रियाओं की बेहतर समझ और मैदानी स्तर पर कार्यों को गति देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला का शुभारंभ 12 नवंबर को ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में किया गया।

आयुक्त वीबी-जी राम जी एवं संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में कार्यपालन अभियंता (आरईएस), सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारियों सहित योजना से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हो रहे हैं।

कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने के लिए योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण और स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कार्यों के चयन में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही जलवायु अनुकूल कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे नवाचारपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। इन कार्यों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों का विकास भी हो रहा है।

विकसित ग्राम पंचायत योजना निर्माण पर दिया मार्गदर्शन

कार्यशाला के पहले दिन भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विकसित ग्राम पंचायत योजना के विशेषज्ञों ने भाग लिया और योजना निर्माण से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला में वीबी-जी राम जी योजना के विभिन्न आयामों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पढ़ें   राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने वाला पटवारी सस्पेंड, जांच में दोषी पाए जाने पर रायपुर SDM की कड़ी कार्रवाई

इस अवसर पर प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका, 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी), धार-अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों को अपने अनुभव और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को साझा करने का अवसर दिया गया।

प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी होंगे शामिल

यह कार्यशाला 12 से 14 नवंबर 2026 तक ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा, रायपुर में आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर को 12 जिलों, 13 नवंबर को 11 जिलों और 14 नवंबर को शेष 10 जिलों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यशाला में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रावधानों, क्रियान्वयन की प्रक्रिया, तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं और मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही योजना के प्रभावी संचालन, कार्यों की गुणवत्ता, बेहतर निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों का क्षमता संवर्धन किया जाएगा।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *