12 Nov 2026, Thu

CG में बेटी को साथ रखने पर बेटे ने पिता को जिंदा जलाया: पहले लोहे के हथियार से हमला किया, फिर पेट्रोल डालकर लगाई आग

बिलासपुर, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां बेटी को अपने साथ रखने और संपत्ति विवाद से नाराज बेटे ने अपने ही 76 वर्षीय पिता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया है।

मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी विश्राम केंवट (76 वर्ष) खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में उन्होंने अपनी बेटी दुरपति बाई और उसके परिवार को अपने साथ रखा था। बेटी का परिवार उनकी देखभाल करने के साथ खेती का काम भी संभालता था।

वहीं, उनका बेटा आशाराम केंवट पास के गांव बरेली में रहता है। बताया जा रहा है कि पिता द्वारा बेटी को अपने साथ रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर वह नाराज था।

बुधवार को आशाराम अपने गांव सेलर पहुंचा। यहां बेटी को मायके में रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिता से विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने लोहे के हथियार से पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद साथ लाए पेट्रोल को बुजुर्ग के शरीर पर डालकर आग लगा दी।

आग की लपटों में घिरे विश्राम को तड़पता छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। पिता को जलता देख बेटी दुरपति बाई ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया।

पढ़ें   बस्तर में नक्सलियों पर सबसे बड़ा वार: बीजापुर में 31 नक्सली ढेर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—अब सिर्फ विकास, शांति और सुरक्षा का दौर

बुजुर्ग के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

घटना के बाद से आरोपी आशाराम फरार है। शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह बेटी को पिता के साथ रखना और संपत्ति का मामला सामने आया है। हालांकि, वारदात की असली वजह और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *