14 Nov 2026, Sat

महासमुंद में खड़ी ट्रक से टकराई एंबुलेंस: दो महिलाओं की मौके पर मौत, मरीज को इलाज के बाद ओडिशा ले जा रहे थे, 3 गंभीर घायल

महासमुंद, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

देवाशीष स्कूल के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दो महिलाओं की मौत, तीन लोग गंभीर

हादसे में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो महिलाओं और एक पुरुष को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं, मृत महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बेहतर इलाज के लिए घायलों को किया रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।

पढ़ें   CG विधानसभा का विशेष सत्र शुरू : 33% महिला आरक्षण पर प्रस्ताव; 500 से ज्यादा महिला जनप्रतिनिधि शामिल, सरकार-विपक्ष आमने-सामने

ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे सभी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में सवार मरीज और अन्य लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से कैसे टकराई, इसका पता लगाया जा रहा है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *