14 Nov 2026, Sat
Breaking

छत्तीसगढ़ के किसानों को मिलेंगे 13,839 रुपए प्रति एकड़: कृषक उन्नति योजना की राशि के लिए 3 शर्तें जरूरी, चूकने पर अटकेगा पैसा

रायपुर, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने का प्रावधान किया है। हालांकि, इस राशि का लाभ लेने के लिए किसानों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। पंजीयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे और आधार से लिंक बैंक खाते में गड़बड़ी होने पर किसान सहायता राशि से वंचित हो सकते हैं।

डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर मिलेगी राशि

योजना के तहत सहायता राशि की गणना धान बेचने की मात्रा के बजाय डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के आधार पर की जाएगी। खेत में जितने क्षेत्र में धान की बुआई हुई है, उसका सर्वे में सही दर्ज होना जरूरी है। यदि सर्वे में रकबा कम दर्ज हुआ या जानकारी में गलती पाई गई तो सहायता राशि प्रभावित हो सकती है।

जहां डिजिटल क्रॉप सर्वे का आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर रकबे का सत्यापन कराया जाएगा।

21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिल सकती है पूरी सहायता

योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता मिल सकती है। खास बात यह है कि यदि किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ की अधिकतम सीमा से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित पात्र रकबे के अनुसार सहायता मिल सकती है।

इसके लिए कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और निर्धारित आधार मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के बीच 659 रुपये का अंतर तय किया गया है। इस अंतर को 21 क्विंटल से गुणा करने पर 13,839 रुपये की राशि निर्धारित होती है।

पढ़ें   छात्रों के विरोध पर CJI सूर्यकांत सख्त- BCI को दखल से रोका, कहा- युवा अपनी बात रखें, करियर प्रभावित नहीं होना चाहिए

योजना का लाभ लेने के लिए ये शर्तें जरूरी

किसानों को खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। धान का उपार्जन मार्कफेड के माध्यम से सहकारी समिति या लैम्प्स में होना चाहिए। वहीं, धान बीज उत्पादकों के लिए बीज निगम के माध्यम से उपार्जन की शर्त रखी गई है।

इसके अलावा एग्रीस्टैक में पंजीयन जरूरी है। टोकन जारी करते समय निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। सहायता राशि सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसलिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना भी जरूरी है।

ग्रीष्मकालीन धान को नहीं मिलेगा योजना का लाभ

सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्रीष्मकालीन मौसम में बोए गए धान को कृषक उन्नति योजना के लाभ से बाहर रखा गया है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपना पंजीयन, बैंक खाते और फसल के रकबे से संबंधित जानकारी समय रहते दुरुस्त करा लें, ताकि सहायता राशि मिलने में कोई परेशानी न हो।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed