रायपुर, 17 नवंबर। राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित चौपाटी में लगातार बढ़ रही अव्यवस्थाओं को लेकर पुलिस और नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। अब चौपाटी का संचालन केवल रात 9 बजे से 1 बजे तक ही किया जा सकेगा। सड़क पर कुर्सी-टेबल लगाकर ग्राहकों को बैठाने, बेतरतीब पार्किंग और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने पर संबंधित चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।
इस संबंध में 16 नवंबर को यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन एवं स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पीडी घृतलहरे सहित अन्य अधिकारी और चौपाटी संचालक मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एमजी रोड पर चौपाटियों का संचालन पहले से निर्धारित नियमों के अनुसार ही होगा। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही संबंधित स्थान पर अस्थायी चौपाटी लगाई जा सकेगी। किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव बनाने या विवाद करने की अनुमति नहीं होगी।

सफाई की जिम्मेदारी संचालकों की
चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। संचालन समाप्त होने के बाद पूरे स्थान की सफाई भी संचालकों को ही करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने की अनुमति नहीं होगी। सार्वजनिक आवागमन के रास्ते पर किसी भी तरह का अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर पार्किंग कराई तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने चौपाटी संचालकों को ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सड़क या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहनों की पार्किंग नहीं कराई जा सकेगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि चौपाटी संचालकों के खिलाफ सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण, गंदगी फैलाने और स्थायी दुकानदारों को परेशान करने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे व्यापारियों के साथ स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भी परेशानी हो रही है तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नियम तोड़े तो चौपाटी होगी बंद
नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं व्यापारी संघ से सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की गई है।
बैठक में चौपाटी संचालकों ने निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग या गंदगी फैलाने की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जाएगा।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि एमजी रोड में चौपाटियों का संचालन नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता और सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए कराया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार निगरानी करेगी।


