20 Nov 2026, Fri

कोरबा में पेड़ पर फंदे से लटका मिला पूर्व स्कूल संचालक का शव: जेब से मिला 19 पन्नों का सुसाइड नोट, 50 लाख के लेन-देन का खुलासा

कोरबा, 20 नवंबर 2026। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में जेंजरा बाईपास के पास एक पूर्व स्कूल संचालक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी जेब से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिली है। इसमें नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपए के लेन-देन, बिचौलिए की मौत के बाद रकम फंसने और कर्ज बढ़ने का जिक्र किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल शुरू किया था, लेकिन आर्थिक नुकसान के चलते उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद से ही वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी दौरान उसने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए थे। इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था।

बिचौलिए की मौत के बाद फंस गई 50 लाख की रकम

पुलिस को मिले सुसाइड नोट के मुताबिक, नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से करीब 50 लाख रुपए लिए गए थे। कोरोना काल में बिचौलिए की मौत हो जाने के बाद यह रकम फंस गई। इसके चलते शिवचरण पर कर्ज बढ़ता चला गया। नोट में उसने लेनदारों पर लगातार दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप भी लगाया है।

बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का हिसाब भी दर्ज है। चर्चा है कि इसकी मूल कॉपी कोरबा एसपी को भेजी गई है। हालांकि, नोट में लिखी बातों की पुलिस जांच कर रही है।

पढ़ें   रायपुर में दिनदहाड़े चली गोली : सेंट्रल जेल के सामने गोली चलाने वाले आरोपी शाहनवाज और शाहरुख खान को पुलिस ने पकड़ा, पुलिस कस्टडी में लंगड़ाते हुए आए दोनों आरोपी नजर, देखें VIDEO

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज और आर्थिक परेशानी का उल्लेख है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सुसाइड नोट में किए गए दावों और पैसों के लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *