21 Nov 2026, Sat

बेतला नेशनल पार्क को मिलेगी रेल कनेक्टिविटी, पर्यटकों की सुविधा के लिए स्टेशन और आरओबी प्रस्तावित

लातेहार
जंगल की खूबसूरती, वन्यजीवों की अठखेलियां व प्रकृति का रोमांच अब रेल की सीटी से जुड़ने जा रहा है। झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बेतला नेशनल पार्क तक पहुंचने का सफर आने वाले दिनों में और आसान हो जाएगा। बेतला नेशनल पार्क के नाम पर रेलवे स्टेशन बनाने की पहल शुरू हो गई है।

इसके साथ ही केड़-बेतला मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की दिशा में भी कदम बढ़ा दिए गए हैं। शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग और रेलवे की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित आरओबी निर्माण के लिए स्थल का निरीक्षण किया। इस पहल से बेतला को पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभाकर सिंह, सहायक अभियंता राजेंद्र महतो तथा रेलवे की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर रमेश जाला और लाइजन आफिसर प्रकाश तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

अधिकारियों ने स्थल का जायजा लेकर प्रस्तावित निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने दैनिक जागरण से खास बातचीत में बताया कि बेतला नेशनल पार्क के नाम से रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। इसी योजना को सुविधाजनक बनाने के लिए केड़-बेतला मार्ग पर आरओबी का निर्माण भी प्रस्तावित है। यानी अब जंगल की सैर के लिए सड़क के साथ रेल का विकल्प भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।

वर्ग किमी का जंगल, हर साल 1.20 लाख पर्यटकों की दस्तक
करीब 226 वर्ग किलोमीटर में फैला बेतला नेशनल पार्क हर साल लगभग 1.20 लाख पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां बंगाल से सालों भर पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हैदराबाद, बिहार, हरियाणा सहित देश के विभिन्न हिस्सों से प्रकृति प्रेमी और वन्यजीवों के दीदार के शौकीन यहां आते हैं। रेलवे स्टेशन बनने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले पर्यटकों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

पढ़ें   जेल से छूटने वाले कैदियों की होगी काउंसलिंग, हेमंत सोरेन ने NGO की मदद लेने को कहा

रेल कनेक्टिविटी से खुलेगा पर्यटन व रोजगार का नया रास्ता
बेतला को रेल नेटवर्क से जोड़ने की पहल केवल यातायात की सुविधा तक सीमित नहीं है। इससे स्थानीय होटल, होम स्टे, वाहन संचालकों, गाइडों और छोटे कारोबारियों को भी लाभ मिलने की संभावना है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

अब तक सड़क मार्ग पर निर्भर रहने वाले पर्यटकों को रेल सुविधा मिलने से यात्रा की योजना बनाना आसान होगा। बेतला का जंगल, पलामू की पहचान और स्थानीय अर्थव्यवस्था तीनों को इस परियोजना से नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *