21 Nov 2026, Sat

विदिशा में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग के संयुक्त कार्यक्रम में हुए शामिल

भोपाल 

राज्यपाल  मंगुभाई पटेल शनिवार को विदिशा में ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन विदिशा के रविंद्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक ऑडिटोरियम भवन में "संगम गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन" विषय पर किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग के मध्य हुए एम.ओ.यू के अंतर्गत आयोजित किया गया।

राज्यपाल  मंगुभाई पटेल ने वृद्धजनों के सम्मान, उनकी देखभाल, पारिवारिक जिम्मेदारियों तथा समाज में बुजुर्गों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता का स्थान सर्वोच्च माना गया है। माता-पिता अपने बच्चों के पालन-पोषण और बेहतर भविष्य के लिए जीवनभर अनेक त्याग और संघर्ष करते हैं। वे बचपन से ही बच्चों की आवश्यकताओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और खुशियों का विशेष ध्यान रखते हैं, लेकिन बच्चे बड़े होने के बाद अपने माता-पिता का समुचित ध्यान नहीं रख पाते। यह गंभीर चिंतन का विषय है। राज्यपाल  पटेल ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान और समुचित देखभाल, प्रत्येक संतान का नैतिक दायित्व है।

राज्यपाल  पटेल ने कहा कि वृद्धावस्था में अनेक कारणों से शारीरिक कमजोरियां आ जाती हैं। इस अवस्था में बुजुर्ग माता-पिता कई कार्यों के लिए अपने बच्चों पर आश्रित हो जाते हैं। ऐसे समय में संतान का दायित्व है कि वे माता-पिता की विशेष देखभाल करें। उनकी आवश्यकताओं को धैर्य के साथ समझें और उन्हें भावनात्मक संबल प्रदान करें। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में बुजुर्गों को केवल शारीरिक सहयोग ही नहीं, बल्कि परिवार में सम्मान, अपनापन और आत्मीयता का अनुभव कराना भी बहुत जरूरी है, ताकि वे मानसिक रूप से सशक्त बने रहें और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।

पढ़ें   मध्य प्रदेश के सीधी में धर्म परिवर्तन का चौंकाने वाला मामला: इलाज के नाम पर फूंक मारकर लोगों को कराया जा रहा धर्मांतरण, हिंदू संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

राज्यपाल  पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा वृद्धजनों के स्वास्थ्य और उपचार सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सुविधा से जहाँ एक ओर बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी उपचार में सहायता मिल रही है, वही उनके बच्चों को माता-पिता के इलाज की चिंता से भी राहत मिलती है।

प्रवचनों को जीवन में उतारने की महती आवश्यकता

राज्यपाल  पटेल ने कहा कि हम जीवन में साधु-संतों के मानवीय कल्याण से जुड़े अनेक प्रवचनों को सुनते है, लेकिन कई बार उन विचारों को अपने व्यवहार और आचरण में नहीं उतार पाते। उन्होंने कहा कि केवल अच्छी बातें सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें दैनिक जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। माता-पिता की सेवा, बुजुर्गों का सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता आदि मानवीय मूल्य, भावी पीढ़ी को भी प्रेरित करते है।   

बुजुर्गों से किया सजग और सकारात्मक रहने का आह्वान

राज्यपाल  पटेल ने कहा कि परिवार और समाज में बुजुर्गों का अनुभव बहुमूल्य होता है। उनके अनुभवों और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। वहीं बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग का भाव बनाए रखना प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे अपने दिमाग को सजग और सक्रिय रखें तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन व्यतीत करें। परिवार में नई पीढ़ी को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप निर्णय लेने का अवसर दें। बच्चों और अन्य सदस्यों के बीच आपसी समझ, सामंजस्य एवं सौहार्द्र बनाए रखने में सहयोग करें। 

पढ़ें   सिंधिया परिवार की संपत्ति विवाद में कोर्ट सख्त, पेशी से गैरहाजिर प्रतिमा देवी पर जुर्माना

राज्यपाल  पटेल ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उनका ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मती प्रीति राकेश शर्मा ने भी पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष  अवधेश प्रताप सिंह तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मध्यप्रदेश को-ऑर्डिनेटर एवं मुखर्जी नगर केंद्र की रेखा दीदी ने भी संबोधित करते हुए वृद्धजनों के सम्मान, सकारात्मक जीवन दृष्टि और आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। विदिशा विधायक  मुकेश टंडन ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का प्रारंभ तथा समापन राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।

कार्यक्रम में कुरवाई विधायक  हरिसिंह सप्रे, कलेक्टर  अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक  रोहित काशवानी, ब्रहमाकुमारीज समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी,  एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *