रायपुर, 22 नवंबर। सक्ती जिले के छवारीपाली गांव में रविवार दोपहर पेट्रोल पंप के पास एक यात्री बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा दोपहर करीब 12:15 बजे चंद्रपुर-दभरा मार्ग पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, रायपुर से दभरा जा रही मुस्कान बस की तीन लोगों से सवार मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान हरिशंकर चौहान (45), मोहनराम बैरागी (55) और शेठकुमार पटेल (62) के रूप में की है। तीनों सक्ती जिले के खैरा गांव के निवासी थे।
बताया जा रहा है कि तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर सपोस गांव जा रहे थे। वहां रामनाम सप्ताह के कार्यक्रम में उन्हें भजन-कीर्तन करना था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की जांच की जा रही है।


