25 Nov 2026, Wed

धमतरी में युवती के अपहरण की कोशिश: दो युवकों ने स्कूटी रोककर जबरन बैठाया, गाल पर काटकर किया घायल; एक गिरफ्तार

धमतरी, 25 नवंबर। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कूटी से घर लौट रही युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। दो बाइक सवार युवकों ने रास्ता रोककर युवती को जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो मुख्य आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और गाल पर दांत से काटकर घायल कर दिया। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से युवती को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर किया अपहरण

पुलिस के अनुसार, घटना 23 नवंबर की सुबह की है। युवती होटल का सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार मनमोहन साहू और उसका साथी पुष्पेंद्र यादव उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा स्थित प्राथमिक शाला के पास दोनों ने युवती की स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन ने युवती के साथ बदसलूकी करते हुए उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसका मुंह दबाया और गाल पर दांत से काट लिया।

ग्रामीणों की घेराबंदी देख बाइक छोड़कर भागा आरोपी

वारदात के बाद आरोपी युवती को परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। लोगों को एकत्र होते देखकर मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस दौरान युवती को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।

पढ़ें   अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता : भारतीय टी-20 कप्तान सूर्य कुमार यादव करेंगे उद्घाटन, ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर होंगी समापन समारोह की मुख्य अतिथि

एक आरोपी गिरफ्तार, 7 दिसंबर तक जेल भेजा

पीड़िता की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने मामला दर्ज कर ग्राम गिरौद निवासी पुष्पेंद्र यादव (20) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 7 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश की जा रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *