26 Nov 2026, Thu

शिक्षा विभाग ने प्रमोशन के लिए मांगी शिक्षकों की सूची, मृतक और रिटायर्ड के नामों से खुली पोल

जबलपुर
 प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने की सुगबुगाहट के बीच जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश ने नई बहस छेड़ दी है।
1 अप्रैल 2025 की स्थिति में जानकारी मांगी है

विभाग ने जिले के करीब तीन हजार प्राथमिक शिक्षकों की संशोधित पदक्रम सूची तैयार करने के लिए 1 अप्रैल 2025 की स्थिति में जानकारी मांगी है।

पदोन्नति की प्रक्रिया अब आगे बढ़ाई जा रही
शिक्षकों का सवाल है कि जब पदोन्नति की प्रक्रिया अब आगे बढ़ाई जा रही है तो एक साल से अधिक पुराना रिकार्ड क्यों लिया जा रहा है? उनका कहना है कि इस सूची में ऐसे शिक्षकों के नाम भी शामिल हैं, जिनका तबादला हो चुका है, जो सेवानिवृत्त हो गए हैं या जिनका निधन हो चुका है।

दावे-आपत्तियां प्राप्त करने के लिए कहा गया
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जिले के सभी संकुल प्राचार्यों और संबंधित शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें प्राथमिक शिक्षक संवर्ग की जिला स्तरीय अंतिम पदक्रम सूची को संशोधित करने और दावे-आपत्तियां प्राप्त करने के लिए कहा गया है।

अभिमत सहित 28 नवंबर तक प्रस्तुत करनी होगी
इसके बाद उनके हस्ताक्षर लेकर दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है तो संबंधित दस्तावेजों के साथ जानकारी अपडेट कर अभिमत सहित 28 नवंबर तक प्रस्तुत करनी होगी।

तबादले और सेवानिवृत्ति वाले नाम भी परेशानी
शिक्षकों का कहना है कि अप्रैल 2025 के बाद जिले में कई प्रशासनिक बदलाव हो चुके हैं। अनेक शिक्षकों का दूसरे स्थानों पर तबादला हो गया है, जबकि कुछ शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं। कुछ ऐसे भी हैं जिनका निधन हो चुका है। ऐसे में पुरानी सूची को आधार बनाकर दोबारा सत्यापन कराने से अनावश्यक प्रक्रिया बढ़ेगी।

पढ़ें   अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर कार्रवाई, 1237 क्विंटल धान जब्त

वरिष्ठता निर्धारण में गड़बड़ी की आशंका बनी रहेगी
पहले इन सभी नामों की स्थिति स्पष्ट करनी होगी, उसके बाद ही अंतिम सूची तैयार हो पाएगी। शिक्षकों का मानना है कि विभाग को 1 अप्रैल 2026 या वर्तमान स्थिति के अनुसार सूची तैयार करानी चाहिए थी। पुरानी जानकारी के आधार पर संशोधन करने से वरिष्ठता निर्धारण में गड़बड़ी की आशंका बनी रहेगी।

न्यायालय तक पहुंचने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता
यदि किसी शिक्षक का नाम, पदस्थापना या वरिष्ठता सही तरीके से अपडेट नहीं हुई तो दावे-आपत्तियों की संख्या बढ़ सकती है। इससे पदोन्नति प्रक्रिया में देरी होने के साथ वरिष्ठ और कनिष्ठ शिक्षकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन सकती है। शिक्षकों का कहना है कि ऐसी स्थिति में मामला न्यायालय तक पहुंचने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *