26 Nov 2026, Thu

सुकमा के जंगलों में नक्सलियों का डंप मिला, 8 देसी हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

सुकमा 

सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. चिंतलनार थाना क्षेत्र के रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डंप का पता चला. संयुक्त सुरक्षा बलों ने यहां से 8 देसी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन आईईडी समेत भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की है। 

सुकमा के एएसपी मनीष कंवर ने कहा कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस के आधार पर 25 नवंबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया. इसी दौरान रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखा गया डंप मिला। 

उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों में 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूक शामिल हैं. इसके अलावा एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 राइफल के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. सुरक्षा बलों को 1 टिफिन आईईडी, 3 हैंड ग्रेनेड, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल सेल, तीर बम, मैगजीन, वायरलेस सेट, कोडेक्स वायर, गन पाउडर, बैटरियां, नक्सली वर्दी, साहित्य और अन्य उपयोगी सामग्री भी मिली है। 

दो माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण
दूसरी तरफ ओडिशा राज्य में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. आत्मसमर्पण करने वालों में एक CyPCM और एक ACM रैंक का माओवादी शामिल है. दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था. आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान नागमणि कुड़मे उर्फ शीला (32 वर्ष) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26 वर्ष) के रूप में हुई है. नागमणि पर 8 लाख और गंगा सोढ़ी पर 5 लाख रुपये का इनाम था। 

पढ़ें   बिलासपुर में चैन स्नैचर गैंग का भंडाफोड़: ओडिशा से आकर महिलाओं को बनाते थे निशाना, 6 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

बीजापुर के एसपी उमेश गुप्ता ने बताया कि दोनों छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न इलाकों में कई माओवादी घटनाओं और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ों में शामिल रहे हैं. नागमणि ओडिशा के बटालियन नंबर 08 में CyPCM के पद पर, जबकि गंगा सोढ़ी कालाहांडी एरिया कमेटी में ACM के रूप में सक्रिय था। 

छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर दोनों ने संगठन छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया. पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित कैडरों को शासन की नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और रोजगार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *