27 Nov 2026, Fri

स्मार्ट मीटर लगाने में छत्तीसगढ़ देश में चौथे नंबर पर: 57 लाख घरों में मीटर लगे, मार्च 2027 तक सभी उपभोक्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य

रायपुर, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटरिंग अभियान ने तेजी पकड़ ली है। बिजली वितरण व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। स्मार्ट मीटरिंग के क्षेत्र में कंपनी ने देशभर में चौथा स्थान हासिल किया है। प्रदेश में अब तक लगभग 57 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा किया जा चुका है।

इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा ऑल इंडिया डिस्कॉम एसोसिएशन (AIDA) के सदस्यों के लिए दो दिवसीय फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान स्मार्ट मीटरिंग की प्रगति, वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई। AIDA के डायरेक्टर जनरल आलोक कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) ने बैठक में विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए CSPDCL के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि कंपनी ने स्मार्ट मीटरिंग के कार्यों में तेजी से प्रगति की है। फीडर मीटरिंग में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। सरकारी कार्यालयों में 1.73 लाख मीटर लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 1.56 लाख मीटर स्थापित किए जा चुके हैं, जो लगभग 90 प्रतिशत है। इनमें से 52 प्रतिशत मीटर प्रीपेड मोड में संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 66 लाख उपभोक्ताओं के बीच कंज्यूमर मीटरिंग का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक लगभग 57 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 76 प्रतिशत मीटरिंग का काम पूरा हो चुका है। वहीं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण ट्रांसफार्मर मीटरिंग का कार्य 64 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

पढ़ें   लोरमी विधायक कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 226 आवेदन प्राप्त कर सुनी जनसमस्याएं, त्वरित समाधान के साथ कई विकास कार्यों की दी सौगात

औद्योगिक उपभोक्ताओं के मामले में 39,802 मीटर लगाने के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 23,136 मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। यह लगभग 58 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है।

प्रबंध निदेशक कंवर ने बताया कि कंपनी ने शेष कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए एएमआईएसपी के तहत टाटा पावर, जीनस पावर और हाईप्रिंट को मार्च एवं अप्रैल 2027 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (ओएंडएम) एस.आर.बी. खंडेलवाल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्मार्ट मीटरिंग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि CSPDCL के अंतर्गत वर्तमान में लगभग 67 लाख उपभोक्ता हैं, जिनकी वार्षिक निविष्ट ऊर्जा 39,709 मिलियन यूनिट है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग को जमीनी स्तर पर लागू करने के दौरान नई तकनीक अपनाने, उपभोक्ताओं के बीच योजना को लेकर फैली भ्रांतियों और मीटर रीडरों की असुरक्षा जैसी चुनौतियां सामने आईं। कंपनी ने इन समस्याओं पर प्रभावी तरीके से काबू पाया है।

स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी पर लगेगी रोक

स्मार्ट मीटर लगने से बिजली चोरी में कमी आने, रियल टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा मिलने और उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर का लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, फीडर स्तर पर 100 प्रतिशत कवरेज से एटीएंडसी (AT&C) लॉस कम करने में भी मदद मिलेगी। कंपनी ने मार्च 2027 तक सभी श्रेणियों में स्मार्ट मीटरिंग का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

इस दौरान ‘मोर बिजली एप’ और ‘प्रकाश एप’ के उपयोगी फीचर्स भी प्रतिनिधियों के आकर्षण का केंद्र रहे। ईआईटीसी के मनोज बजाज ने दोनों एप की सुविधाओं और उपयोग की जानकारी दी, जिसकी उपस्थित प्रतिनिधियों ने सराहना की।

पढ़ें   सूरजपुर डबल मर्डर केस: हेड कांस्टेबल की पत्नी-बेटी की हत्या में बड़ा एक्शन, आरोपी से मिलीभगत के आरोप में आरक्षक बर्खास्त

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय, ए.एम. परियल, एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह, एके लखेरा सहित CSPDCL और CSPTCL के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद सिंह पटेल ने किया।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *