27 Nov 2026, Fri

दिसंबर के पहले हफ्ते में लगेगी आचार संहिता: 2-3 दिसंबर को चुनाव का ऐलान संभव, आखिरी सप्ताह में 1231 पदों पर होगा मतदान

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव को लेकर अब राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। राज्य निर्वाचन आयुक्त 2 या 3 दिसंबर को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकते हैं। वहीं, दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना है।

चुनाव प्रक्रिया के तहत सबसे पहले 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। चुनाव की घोषणा होते ही संबंधित नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।

1231 पदों के लिए होगा चुनाव

इस बार नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों को मिलाकर कुल 1231 पदों के लिए चुनाव कराया जाना है। नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उपचुनाव मिलाकर 417 पदों पर मतदान होगा। इनमें चार नगर निगमों में महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पद शामिल हैं।

इसके अलावा उपचुनाव में अध्यक्ष का एक और पार्षद के 6 पदों के लिए मतदान होगा। वहीं, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल 814 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं।

चार नगर निगमों समेत कई निकायों में चुनाव

चुनाव में बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली समेत चार नगर निगमों और अन्य नगरीय निकायों में मतदान होगा। इसके लिए राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वार्ड स्तर पर चुनावी समीकरण बनाए जा रहे हैं और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा तेज हो गई है।

पढ़ें   CG में चुनावी तैयारियां तेज: चुनाव, प्रेक्षकों की नियुक्ति, रायपुर में आयुष संचालक इफ्फत आरा बनीं नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की प्रेक्षक, देखें आदेश..

चुनाव में देरी हुई तो नियुक्त हो सकते हैं प्रशासक

चुनाव कार्यक्रम जारी होने में देरी हुई तो कुछ नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त करने की स्थिति बन सकती है। इससे पहले वर्ष 2024 में भी नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी। ऐसे में दिसंबर का पहला सप्ताह राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

पिछली बार 23 दिन में पूरी हुई थी चुनाव प्रक्रिया

वर्ष 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान कराया गया था। यानी चुनाव अधिसूचना जारी होने से मतदान तक करीब 23 दिन का समय मिला था। इसी समय-सीमा को देखते हुए इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम की पुष्टि राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी।

बिरगांव नगर निगम के 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता

बिरगांव नगर निगम का कुल क्षेत्रफल 36.85 वर्ग किलोमीटर है। वर्ष 2014 में गठित इस नगर निगम में 40 वार्ड और 6 मूल राजस्व ग्राम शामिल हैं। चुनाव की घोषणा होने पर आदर्श आचार संहिता नगर निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में लागू होगी। इसका दायरा अपने आप पूरे रायपुर जिले तक नहीं बढ़ेगा।

उरला, बोरझरा, अछोली, रांवांभाठा, उरकुरा, बिरगांव और सरोरा के निगम क्षेत्र में आने वाले हिस्से इसके दायरे में रहेंगे। जिले के अन्य नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में आचार संहिता उनके चुनाव कार्यक्रम के अनुसार लागू होगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *