27 Nov 2026, Fri

छत्तीसगढ़ PSC को मिलेगा नया अध्यक्ष: रिटायर्ड IAS महादेव कावरे के नाम पर सरकार की मुहर, राजभवन से मंजूरी का इंतजार

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कावरे को आयोग का अध्यक्ष बनाने पर सहमति जता दी है। उनकी नियुक्ति से संबंधित फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेज दी गई है। अब राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद नियुक्ति का आदेश जारी किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, आयोग के अध्यक्ष पद के लिए सरकार के पास महादेव कावरे और सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे के नाम विचाराधीन थे। इनमें महादेव कावरे के नाम को प्राथमिकता दी गई है। नियुक्ति होने पर वे मई 2028 तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकते हैं।

62 वर्ष है अध्यक्ष पद की अधिकतम आयु सीमा

महादेव कावरे का जन्म 18 मई 1966 को हुआ था। वर्तमान में उनकी उम्र करीब 60 वर्ष छह महीने है। आयोग के अध्यक्ष पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष निर्धारित है। इस लिहाज से वे मई 2028 तक अध्यक्ष पद पर रह सकते हैं।

अध्यक्ष का पद खाली होने से कई मामले लंबित

CGPSC में अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े कई मामले लंबित हैं। नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने भी सरकार और राजभवन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा ने मुख्यमंत्री के बाद राज्यपाल को पत्र लिखकर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का आग्रह किया है। वहीं, राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी लंबित मामलों के निराकरण के लिए आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द करने की मांग उठाई है।

पढ़ें   जशपुर में रिश्वतखोरी पर ACB का बड़ा एक्शन : महिला एवं बाल विकास विभाग का लिपिक 40 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कलेक्टर से संभागायुक्त तक संभाल चुके हैं जिम्मेदारी

महादेव कावरे 2008 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे बेमेतरा और जशपुर जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा दुर्ग और रायपुर संभाग के संभागायुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

कावरे ने आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा वाणिज्यिक कर विभाग में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। अब उनके CGPSC अध्यक्ष बनने की संभावना के बीच राजभवन की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *