27 Nov 2026, Fri

नौकरीपेशा लोगों को राहत, ग्वालियर में रविवार को आधार केंद्र खोलने का फैसला

ग्वालियर
 आधार कार्ड आज हर नागरिक की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंक में खाता खुलवाना हो, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो, बच्चों का स्कूल में प्रवेश कराना हो या फिर किसी जरूरी दस्तावेज में पहचान का प्रमाण देना हो, हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। लेकिन आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता या मोबाइल नंबर में सुधार कराना हो तो लोगों के सामने सबसे बड़ी परेशानी समय की होती है।

नौकरीपेशा लोगों को मिलेगी राहत
नौकरीपेशा लोग कार्यालय से छुट्टी नहीं ले पाते, तो छोटे कारोबारियों और रोज कमाकर परिवार चलाने वालों के लिए काम छोड़कर आधार केंद्र पहुंचना आसान नहीं होता। कई बार केंद्र बंद मिलने या लंबी कतारों के कारण लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है।

शहरवासियों की इन्हीं परेशानियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने एक अच्छी पहल की है। अब प्रधान डाकघर लश्कर का आधार केंद्र प्रत्येक रविवार को भी खुला रहेगा। यानी अब लोगों को आधार संबंधी काम कराने के लिए केवल कामकाजी दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रविवार की छुट्टी का उपयोग कर वे आसानी से आधार केंद्र पहुंच सकेंगे और अपने जरूरी काम पूरे करा सकेंगे।

छुट्टी के दिन निपटा सकेंगे जरूरी काम
अभी तक आधार कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को सामान्य कामकाजी दिनों में ही केंद्र पहुंचना पड़ता था। ऐसे में नौकरी करने वाले लोग अक्सर छुट्टी लेने से बचते थे और छोटे दुकानदारों को अपनी दुकान बंद करके जाना पड़ता था। कई परिवारों में बच्चों के आधार कार्ड में संशोधन या नए आधार से जुड़े काम लंबे समय तक टलते रहते थे। अब रविवार को केंद्र खुलने से ऐसे लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित होगी, जो सप्ताह के बाकी दिनों में व्यस्त रहते हैं।

पढ़ें   नरसिंहपुर में ट्रांसमिशन लाइन के प्रतिबंधित कॉरिडोर में बने 51 निर्माण जानलेवा खतरे की जद में

    आम जनता की आधार संबंधी समस्याओं और जरूरतों को देखते हुए विभाग ने प्रत्येक रविवार को आधार केंद्र संचालित करने का निर्णय लिया है। शहरवासी अब हर रविवार को प्रधान डाकघर लश्कर पहुंचकर आधार कार्ड से संबंधित कार्य करवा सकेंगे। – मलखान सिंह लोधी, पोस्टमास्टर 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *