27 Nov 2026, Fri

पटना मेट्रो के पांचवें स्टेशन का इंतजार खत्म, खेमनीचक से दिसंबर में शुरू होगी यात्रियों की आवाजाही

पटना
पटना मेट्रो रेल का पांचवां स्टेशन खेमनीचक दिसंबर अंत तक खोलने का लक्ष्य है। कार्य अंतिम चरण में है। मेट्रो का भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच पड़ने वाला स्टेशन रेड लाइन और ब्लू लाइन का इंटरचेंज स्टेशन के रूप में काम करेगा। इस स्टेशन से अभी भी मेट्रो ट्रेनें गुजर रही हैं। इस स्टेशन पर काम चलने के कारण इसपर स्टॉपेज नहीं दिया गया है। पटना मेट्रो रेल प्रबंधन ने इसका निर्माण पूरा होने के बाद इस स्टेशन को यात्रियों के लिए खोला जाएगा। अभी यह ‘पास थ्रू’ स्टेशन है।

इस स्टेशन के शुरू होने से पटना न्यू बाइपास के दक्षिण के मोहल्लों में रहने वाले लोगों को काफी फायदा होगा। खेमनीचक, जगनपुरा के लोगों को आईएसबीटी बस पड़ाव और मलाही पकड़ी तक आने-जाने का विकल्प मिल जाएगा। अभी मलाही पकड़ी आने के लिए उन्हें बाइपास पार कर 90 फीट कॉर्नर से ऑटो या रिक्शा पकड़ना पड़ता था।

खेमनीचक से मीठापुर के बीच चल रहा काम
खेमनीचक से मीठापुर के बीच मेट्रो रेल का काम चल रहा है। लगभग तीन किमी लंबे ट्रैक के बनने से रेड लाइन से परिचालन का इंतजार समाप्त हो सकेगा। रामकृष्ण नगर से लेकर मीठापुर तक के बाइपास के उत्तर-दक्षिण के मोहल्लों को यात्रा का नया विकल्प मिल सकेगा।

डाकबंगला से रुकनपुरा तक सड़क चौड़ीकरण शुरू
इधर पटना में नेहरू पथ को जाम मुक्त बनाने का काम शुरू हो गया है। इसके तहत डाकबंगला चौराहे से रुकनपुरा तक तीन मीटर तक सड़क चौड़ी होगी। पथ निर्माण विभाग की ओर से चयनित एजेंसी ने अतिक्रमण मुक्त व खाली जगहों पर काम शुरू किया है। गोल्फ क्लब के बाहर से पुराने टूटे नालों को हटाने, साफ-सफाई करने तथा फुटपाथ पर लगे पेवर ब्लॉक को हटाया जा रहा है। वन विभाग, पटना गोल्फ क्लब और नगर निगम समेत अन्य संबंधित विभागों से एनओसी मिलते ही काम रफ्तार पकड़ लेगा।

पढ़ें   मेले से आगे बढ़ेगा सोनपुर का नाम, पर्यटन और वैश्विक कारोबार का बनेगा बड़ा केंद्र

तीन मीटर तक बढ़ेगी चौड़ाई, जाम से मिलेगी राहत
इस चौड़ीकरण परियोजना के तहत डाकबंगला से रुकनपुरा के बीच सड़क के दोनों तरफ लगभग 2 से 3 मीटर तक चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से वाहनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त लेन उपलब्ध होगी। विशेष रूप से पीक आवर्स के दौरान दफ्तर, स्कूल और अस्पताल जाने वाले लोगों को जाम में नहीं फंसना होगा। पथ निर्माण विभाग का लक्ष्य इस पूरी परियोजना को अगले 9 महीने के भीतर पूरा करने का है, ताकि शहरवासियों को हर दिन लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से निजात मिल सके।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *