27 Nov 2026, Fri

उप मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन*

रायपुर

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  अरुण साव ने आज ‘खेले बर आगू आहू सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के प्रेरक संदेश के साथ संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ किया। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं में अनुशासन एवं खेल भावना विकसित करने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए आयोजित इस आयोजन में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल, विधायक  प्रबोध मिंज और  रामकुमार टोप्पो भी शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। 

*4.16 लाख से अधिक युवाओं का पंजीयन, खेलों के प्रति बढ़ा उत्साह*

उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खिलाड़ी तैयार करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित, आत्मविश्वासी और बेहतर इंसान बनाने का मंच भी है। इस वर्ष सरगुजा ओलंपिक के लिए 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं ने पंजीयन कराया है, जो क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरगुजा खेलों के माध्यम से आगे बढ़ रहा है और यहां की प्रतिभाएं अपनी पहचान बना रही हैं।

 साव ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से खेलों के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने हॉकी लीग का आयोजन किया है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिल सके।

पढ़ें   CM विष्णु देव साय ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, बोले -"अटलजी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकहित के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण"

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से भी खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप खेलों के क्षेत्र में भी अच्छी सुविधाएं विकसित की जा रही है। आने वाले समय में प्रदेश से और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।

*’खेल मैदान से कोई खाली हाथ नहीं लौटता, सरगुजा में जल्द खुलेगी खेल अकादमी’*

 साव ने कहा कि खेल के मैदान से कोई भी व्यक्ति खाली हाथ नहीं लौटता। खेल से आत्मविश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन, योग्यता और सम्मान मिलता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में खेल को शामिल करना चाहिए और नियमित रूप से खेल मैदान में पसीना बहाना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि सरगुजा में शीघ्र ही खेल अकादमी प्रारंभ की जाएगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे। संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के शुभारंभ के साथ ही जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसने मैदान में उत्साह का माहौल बना दिया।

*गांव के खेल मैदान से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बनेगा अवसर :  राजेश अग्रवाल*

संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की खेल उपलब्धियां हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का विषय हैं। गांव के खेल मैदान से शुरू हुआ खिलाड़ियों का यह सफर निश्चित रूप से उन्हें बेहतर भविष्य की ओर ले जाएगा। सरगुजा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का जो अवसर मिल रहा है, इससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। 

पढ़ें   बिलासपुर में नमाज पढ़ाने का मामला: गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में बड़ा एक्शन, ईद पर जबरन नमाज के आरोप के बाद 12 एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पद से हटाए गए, ABVP और हिंदू संगठनों के विरोध के बाद मचा बवाल

विधायक  प्रबोध मिंज ने भी शुभारंभ समारोह को संबोधित किया। सरगुजा जिला पंचायत की अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष  देवनारायण यादव, अंबिकापुर नगर निगम की महापौर  मंजूषा भगत और सभापति  हरमिंदर सिंह टिन्नी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव  यशवंत कुमार, संचालक  आकांक्षा शिक्षा खलखो, पुलिस अधीक्षक  राजेश अग्रवाल तथा जिला पंचायत की सीईओ  रोमा श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी भी इस दौरान मौजूद थे।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *