28 Nov 2026, Sat

कसोल के होटल में रची जाती थी ड्रग्स सप्लाई की साजिश: रायपुर में कोकीन-MDMA बेचने वाले 3 आरोपियों को 20 साल कैद

रायपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने 9 आरोपियों में से 3 को दोषी करार देते हुए 20-20 साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई है। वहीं, साक्ष्यों के अभाव में 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं।

यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने सुनाया। मामले में कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे। सरकारी वकील स्वामी शर्मा ने फैसले की जानकारी दी।

नाइजीरियाई नागरिक से खरीदते थे ड्रग्स

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ था कि आरोपी नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और दिल्ली में सक्रिय अन्य लोगों से कोकीन और MDMA खरीदते थे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल के जरिए छत्तीसगढ़ में ड्रग्स की सप्लाई की जाती थी। इस नेटवर्क के तार रायपुर से हिमाचल प्रदेश और दिल्ली तक जुड़े हुए थे।

कमल विहार में पकड़ा गया था शुभम सोनी

मामला 23 सितंबर 2024 का है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी। इस दौरान शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 MDMA टैबलेट (45.08 ग्राम) बरामद की गई थीं।

पुलिस को उसके पास से एक लोहे की पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपये नकद और दो स्मार्टफोन भी मिले थे।

कसोल के होटल में मैनेजर था आर्यन

जांच में सामने आया कि आर्यन ठाकरे हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल एप्पल पाई में मैनेजर के रूप में काम करता था। होटल को अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री के साथ लीज पर लिया गया था।

पढ़ें   दिल को झकझोर देने वाली तस्वीर : कवर्धा के चिल्फी घाटी में हुए सड़क हादसे में गई थी 5 लोगों की जान, 10 साल की मासूम के जन्मदिन के दिन ही हुआ अंतिम संस्कार, देखें मार्मिक वीडियो

आर्यन के बयान के मुताबिक, सितंबर 2024 में सत्यप्रकाश शास्त्री ने उसे सफेद पाउडर का पैकेट दिया था, जिसे लेकर वह कसोल से रायपुर पहुंचा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 65.50 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल बरामद किया था।

हर खेप पर मिलता था 25 हजार रुपये कमीशन

पुलिस जांच में अभिषेक साहू उर्फ चीनी की भूमिका भी सामने आई थी। उसके बयान के मुताबिक, वह शुभम सोनी के लिए ड्रग्स मंगवाने और पहुंचाने का काम करता था। इसके लिए उसे हर खेप पर 25 हजार रुपये कमीशन मिलता था।

ड्रग्स खरीदने के लिए रकम बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। आरोपियों के बीच व्हाट्सऐप और स्नैपचैट के जरिए बातचीत होती थी। ड्रग्स की तस्वीरें और डिलीवरी की लोकेशन भी इन्हीं माध्यमों से साझा की जाती थीं।

नरैया तालाब के पास होनी थी कोकीन की डिलीवरी

जांच के अनुसार, आर्यन ठाकरे को 25 सितंबर 2024 की सुबह नरैया तालाब के पास पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। वहां अभिषेक साहू या उसका कोई साथी कोकीन लेने आने वाला था। आर्यन ने कोकीन का पैकेट अपनी कार्गो पैंट की जेब में रखा था।

कसोल से दिल्ली तक फैला था नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक, अमनदीप छाबड़ा के जरिए नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और दिल्ली में मौजूद अन्य लोगों से संपर्क किया जाता था। इनोसेंट से कोकीन और MDMA, जबकि अन्य लोगों से चरस की व्यवस्था की जाती थी। इसके बाद आर्यन ठाकरे के माध्यम से ड्रग्स रायपुर पहुंचाई जाती थी और स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री की जाती थी।

इस मामले में वर्ष 2024 में टिकरापारा थाने में अपराध दर्ज किया गया था। शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया था। अब विशेष अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद 3 आरोपियों को सजा और 6 को बरी करने का फैसला सुनाया है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *