28 Nov 2026, Sat

चार जनवरी को जारी होगी यूपी की अंतिम वोटर लिस्ट, डुप्लीकेट नाम हटाने पर चुनाव आयोग का फोकस

लखनऊ
 यूपी की मतदाता सूची से 5.50 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। डी-डुप्लीकेट सॉफ्टवेयर की मदद से मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टि वाले वोटरों की पहचान कर उन्हें हटाया जाता है। जांच में मिले आंकड़ों का भौतिक सत्यापन बीएलओ के माध्यम से कराया जाता है और फिर नाम काटे जाते हैं। अब मतदाता सूची में 13.58 करोड़ मतदाता हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की चार जनवरी 2027 को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची में एक भी डुप्लीकेट मतदाता न हो इस पर जोर दिया जा रहा है। 10 अप्रैल को एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पिछले सात महीनों में यह डुप्लीकेट मतदाता हटाए गए हैं। पिछले सात महीनों में करीब 24 लाख मतदाता नए बने और 5.50 लाख डुप्लीकेट वोटरों के नाम मतदाता सूची से काटे गए। ऐसे में पिछले सात महीने में 18.50 लाख मतदाताओं के नाम बढ़े हैं। वहीं सपा की ओर से पिछले दिनों एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम वाली सूची चुनाव आयोग को सौंपी गई है, जिसकी जांच शुरू हो गई है। यूपी की मतदाता सूची में डुप्लीकेट वोटरों को डी-डुप्लीकेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से छांटा जाता है। सॉफ्टवेयर फोटो समान प्रविष्टि के आधार पर इसे छांटता है। दूसरी पहचान यह जन सांख्यिकी समान प्रविष्टि के आधार पर पहचान करता है। जिसमें एक ही नाम, एक ही पिता का नाम, एक ही आयु और पता इत्यादि होने पर छांटा जाता है।

यूपी में आज और कल विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान
यूपी की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए शनिवार व रविवार को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। सभी 1.73 लाख बूथों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। वह छूटे हुए पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने में मदद करेंगे। पिछले दो दिवसीय विशेष अभियान में 6.40 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरा था। वहीं बीते 22 नवंबर रविवार को तो एक ही दिन में सर्वाधिक 3.99 लाख फॉर्म-6 भरे गए थे।

पढ़ें   झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा आदेश, प्रोफेसर को एरियर और वनकर्मी को मिलेगा सेवानिवृत्ति लाभ

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया चल रही है। बीते 17 नवंबर को 13.58 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई थी। अब 16 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। 28 दिसंबर तक इसका निस्तारण होगा और चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। यूपी में 18 वर्ष व उससे अधिक की आयु के 16.16 करोड़ लोग हैं। मतदाता सूची में अभी 13.58 करोड़ नाम ही हैं।

ऑनलाइन की मशीन रीडेबल मतदाता सूची
राजनीतिक दलों की मांग पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर मशीन रीडेबल मतदाता सूची को अपलोड किया गया है। जिससे कोई भी राजनीतिक दल आसानी से एआई व विभिन्न सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर उसका विश्लेषण कर सकें।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *