28 Nov 2026, Sat

रायपुर में मिनी बस चालक की शर्मनाक हरकत: भजिया खिलाने के बहाने बंद की खिड़कियां, युवती को जबरन किया किस

रायपुर, 28 नवंबर। राजधानी रायपुर में घर लौट रही 23 वर्षीय युवती के साथ मिनी बस चालक द्वारा छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने युवती को नाश्ता कराने के बहाने बस रोककर उसके दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं। इसके बाद दोस्ती का प्रस्ताव रखा और इनकार करने पर युवती को जबरन किस कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, रांवाभाठा निवासी 23 वर्षीय युवती देवेंद्र नगर स्थित एक प्रिंटिंग कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर है। वह रोजाना काम से आने-जाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल करती थी। 21 नवंबर से उसने घर लौटने के लिए रांवाभाठा निवासी मिनी बस चालक दिलहरण पाल की बस में सफर करना शुरू किया था।

भनपुरी शराब भट्ठी के पास रोकी बस

घटना 26 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे की है। युवती फाफाडीह से मिनी बस में सवार होकर अपने घर लौट रही थी। रास्ते में चालक ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोक दी और पांच मिनट में भजिया व नाश्ता लेकर आने की बात कहकर नीचे उतर गया। वापस लौटने के बाद उसने बस के सभी दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। इसके बाद युवती को भजिया और पानी दिया।

पत्नी का बहाना बनाकर दोस्ती का प्रस्ताव

शिकायत के अनुसार, आरोपी चालक ने युवती से कहा कि उसकी पत्नी उसके साथ घूमने नहीं जाती है, इसलिए वह उसकी दोस्त बन जाए। उसने यह भी कहा कि बस में दूसरे यात्री रहने पर युवती उसे भैया कहकर बुलाए। युवती ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इसके बाद चालक ने उसे बस की पिछली सीट पर आने के लिए कहा, लेकिन युवती ने वहां जाने से भी मना कर दिया।

पढ़ें   बलरामपुर सुशासन तिहार में नाराजगी के बाद कार्रवाई: पत्थलगांव–कुनकुरी सड़क मरम्मत शुरू, यातायात सुधारने के लिए अफसरों को सख्त निर्देश

विरोध के बावजूद की जबरदस्ती

आरोप है कि युवती के विरोध करने के बावजूद चालक ने उसका हाथ, बांह और कमर पकड़कर अपनी ओर खींचा और जबरन किस कर लिया। अचानक हुई इस घटना से युवती घबरा गई। हालांकि, उसने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी से अगले दिन मिलने और दोस्ती करने की बात कही, ताकि बस से बाहर निकलने का मौका मिल सके।

बस से उतरने के बाद युवती सीधे घर पहुंची और अपनी मां व भाइयों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों के साथ खमतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मिनी बस चालक दिलहरण पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *