28 Nov 2026, Sat

छत्तीसगढ़ में ट्रेनों पर मेगा ब्लॉक का असर: दुर्ग-आरा एक्सप्रेस राउरकेला तक चलेगी, बिलासपुर-बक्सर समेत कई ट्रेनें रद्द

रायपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत झारसुगुड़ा रेलवे यार्ड के पुनर्विकास और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के मध्य तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने, जबकि कुछ को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त करने का निर्णय लिया है।

इसका असर छत्तीसगढ़ से बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

दुर्ग-आरा एक्सप्रेस राउरकेला तक चलेगी

रेलवे के अनुसार, 13288 आरा-दुर्ग एक्सप्रेस 28 नवंबर और 4 से 15 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला तक ही चलेगी। वहीं, वापसी में 13287 दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 29 नवंबर और 5 से 16 दिसंबर तक दुर्ग के बजाय राउरकेला से ही रवाना होगी। इन तारीखों में दुर्ग और राउरकेला के बीच इस ट्रेन का परिचालन बंद रहेगा।

बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस दो दिन रद्द

मेगा ब्लॉक के कारण 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 दिसंबर और वापसी में 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 12 दिसंबर को पूरी तरह रद्द रहेगी।

इन ट्रेनों का परिचालन भी रहेगा प्रभावित

रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार अन्य प्रभावित ट्रेनें इस प्रकार हैं:

  • 17007 चार्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस: 28 नवंबर, 5, 8 और 12 दिसंबर को रद्द।
  • 17008 दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस: 1, 8, 11 और 15 दिसंबर को रद्द।
  • 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस: 10 दिसंबर को रद्द।
  • 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस: 13 दिसंबर को रद्द।
  • 12376 जसीडीह-तांबरम एक्सप्रेस: 2 दिसंबर को रद्द।
  • 12375 तांबरम-जसीडीह एक्सप्रेस: 28 नवंबर और 5 दिसंबर को रद्द।
  • 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस: 7 और 14 दिसंबर को रद्द।
  • 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस: 10 और 17 दिसंबर को रद्द।
  • 17321 वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस: 11 दिसंबर को रद्द।
  • 17322 जसीडीह-वास्को द गामा एक्सप्रेस: 14 दिसंबर को रद्द।
पढ़ें   छत्तीसगढ़ में सुशासन की नई पहल: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी विभागों में 31 मार्च 2025 तक ई-ऑफिस लागू करने के दिए निर्देश, भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश, प्रशासन होगा पारदर्शी और प्रभावी

गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस भी प्रभावित

15028 गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस 30 नवंबर, 6 दिसंबर और 8 से 15 दिसंबर तक हटिया में ही समाप्त होगी। वहीं, वापसी में 15027 संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 1, 7 और 9 से 16 दिसंबर तक संबलपुर के बजाय हटिया से रवाना होगी।

यात्रा से पहले जरूर जांच लें ट्रेन की स्थिति

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इसके लिए नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 की मदद ली जा सकती है, ताकि आखिरी समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सके।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *