छत्तीसगढ़ में धान खरीदी : धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने अधिकारी कर रहे उपार्जन केंद्रों का दौरा, खाद्य विभाग के सचिव और तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव पहुँचे धान खरीदी केंद्र

Exclusive Latest छत्तीसगढ़ बड़ी ख़बर रायपुर

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 4 दिसम्बर 2021

प्रदेश में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार उपार्जन केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा और तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग तथा बेमेतरा जिले की प्रभारी सचिव रीता शांडिल्य ने बेमेतरा के कई खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों और समिति प्रबंधकों से चर्चा कर व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।

 

 

खाद्य विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा ने बेमेतरा के कठिया धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान वहां धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा की।  वर्मा ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान बेचने आ रहे किसानों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखें। बेमेतरा जिला की प्रभारी सचिव रीता शांडिल्य ने लेंजवारा (सरदा), कठिया, जेवरा, कुसमी, सरदा, बीजाभाठ एवं हसदा धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनके द्वारा उपार्जन केंद्र में लाए गए धान की मात्रा, धान के उत्पादन और समर्थन मूल्य के बारे में पूछा। उन्होंने खरीदी केंद्रों में मानव संसाधन, आर्द्रतामापी यंत्र, तौल बाट, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की भी जानकारी ली।

कबीरधाम जिले के कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने सहसपुर लोहारा विकासखण्ड में खुले चार नए धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने छिरहाबांधा, मोतीपुर, गौरमाटी और गोरखपुर कला के नए धान खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से बातचीत कर व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने इन केंद्रों के प्रभारियों से कहा कि किसानों की मांग पर नए खरीदे केंद्र खोले गए हैं। यहां धान बेचने आने वाले किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं। धान बेचने में किसानों की सहुलियत के लिए कबीरधाम जिले में इस साल आठ नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।

पढ़ें   किसान मोर्चा द्वारा आयोजित सभा में बृजमोहन ने भूपेश सरकार पर लगाई आरोपों की झड़ी, बृजमोहन ने कहा - 'कांग्रेस सरकार के दिन हुए पूरे, अब जनता लेगी झूठे वादों का हिसाब'

 

उत्तर बस्तर कांकेर जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने नरहरपुर विकासखण्ड के चंवड, अमोड़ा, नरहरपुर एवं घोटियावाही खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया, उनके द्वारा खरीदी केन्द्रों में की गई व्यवस्था जैसे- छाया, पानी, ड्रनेज इत्यादि की जानकारी ली गई, साथ ही किसानों से बातचीत की गई। प्रभारी सचिव से चर्चा के दौरान किसानों ने बताया कि उनके द्वारा 30 प्रतिशत बारदाना उपलब्ध कराये गये है, जिस पर प्रभारी सचिव एवं कलेक्टर द्वारा उनकी प्रशंसा की।

कोरबा जिले के प्रभारी सचिव अन्बलगन पी. पहुचकर कनकी, कटघोरा और पौड़ी धान उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। वे किसानों से चर्चा कर किसानों से धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि वे केन्द्रों में धान खरीदी व्यवस्था से संतुष्ट हैं। राज्य सरकार द्वारा पुराने बारदानों का दर 25 रूपए बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संबंधित जिलों के कलेक्टर सहित खाद्य विभाग, सहकारी बैंक, विपणन संघ व राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Share