7 Mar 2026, Sat

मौसम अलर्ट : रायपुर, बिलासपुर के साथ आज छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार, कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना

प्रमोद मिश्रा

रायपुर,03 फरवरी 2022

छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में आज बारिश के आसार बताए गए हैं । मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती । वहीं कई जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है ।दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बरसात का तंत्र बन रहा है। इसकी वजह से बस्तर के छह जिलों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वर्षा संभावित क्षेत्र में रायपुर भी शामिल है, जहां कल राहुल गांधी का दौरा होना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से हवा का आगमन जारी है। इस कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अभी राजस्थान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ वाले इलाके में एक विंड कॉन्फ्लिक्ट जोन (ऐसा क्षेत्र जहां विपरीत दिशाओं से आ रही हवा टकराती है) बन रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र में तीन और चार फरवरी को बरसात संभव है। रायपुर, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी और गरियाबंद जिले के उत्तरी हिस्सों में बूंदाबादी अथवा हल्की बरसात हो सकती है। इसका असर अधिक से अधिक कांकेर जिले तक होगा।

वर्षा का मुख्य क्षेत्र बिलासपुर और सरगुजा संभागों में केंद्रित होगा। यहां कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होगा और बरसाती तंत्र ओडिशा की ओर आगे बढ़ जाएगा।

अभी सामान्य से थोड़ा नीचे है तापमान

पढ़ें   Mahtari Vandan Yojana: पीएम नरेंद्र मोदी ने जारी की महतारी वंदन योजना की पहली किस्त; ट्रांसफर किए 655 करोड़, तुरंत चेक करें एकाउंट

छत्तीसगढ़ के अधिकांश केंद्रों पर अभी दिन और रात का तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे ही है। रायपुर में अधिकतम तापमान 29-30 डिग्री सेल्सियस के बीच है। यह सामान्य है। वहीं अम्बिकापुर में 24, जगदलपुर में 29 डिग्री सेल्सियस तापमान सामान्य से कम है। बिलासपुर, दुर्ग, पेण्ड्रा रोड का दिन सामान्य से थोड़ा गर्म हो चला है। न्यूनतम तापमान भी 7 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसमें से अधिकांश केंद्रों पर यह सामान्य से नीचे है।

Share