कांग्रेस प्रत्याशी की जीत : 20 हज़ार से अधिक वोटों से जीती कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा, बीजेपी अध्यक्ष ने कहा – ‘खैरागढ़ की जनता का जनादेश विनम्रतापूर्वक स्वीकार

Exclusive Latest छत्तीसगढ़ राजनीति

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 17 अप्रैल 2022

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के नतीजे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा जनादेश का सम्मान करती है। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने विजयी प्रत्याशी को बधाई दी।

 

 

साय ने कहा कि जनता के हित में भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ भाजपा लगातार संघर्षरत रहेगी। भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस घोषणा पत्र के सभी 29 बिंदुओं पर अमल के लिए इसी क्षण से भूपेश बघेल सरकार के विरुद्ध संघर्ष करने तैयार हैं। हम अपने सभी कार्यकर्ताओं की संघर्ष क्षमता को नमन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं, जिन्होंने सत्ता और उसके चाटुकार प्रशासन की तानाशाही तथा कांग्रेस के कारनामों का जमकर मुकाबला किया।

प्रदेश भाजपाध्यक्ष साय ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस ने अनैतिकता की हद पार कर दी। कांग्रेस ने शासन-प्रशासन का खुला दुरुपयोग किया। यह चुनाव कांग्रेस ने नहीं बल्कि प्रशासन ने लड़ा। जिसमें सरकारी मशीनरी का सौ फीसदी दुरुपयोग किया गया है। यह कांग्रेस के हथकंडों और अनैतिक दुष्प्रचार की जीत तथा लोकतंत्र की पवित्रता पर डाका है। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले चुनाव में पूरे प्रदेश से कांग्रेस की अलोकतांत्रिक तरीके अपनाकर जनता को छलने वाली सरकार के सफाये के लिए भाजपा के कार्यकर्ता संघर्ष करेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस ने पहले जनता को झांसा देकर सत्ता हासिल की। उसके बाद जनता के साथ हर मुद्दे पर वादाखिलाफी की। यही झाँसेबाजी खैरागढ़ उपचुनाव में भी की गई है। कांग्रेस के घोषणा पत्र के सभी बिंदु उसकी सरकार की विफलता का दस्तावेज हैं। साढ़े तीन साल तक कांग्रेस की सरकार ने अगर कोई काम किया होता तो खैरागढ़ उपचुनाव में 29 वादे करने की जरूरत नहीं पड़ती। भूपेश बघेल ने न तो जनघोषणा पत्र के वादे पूरे किए हैं और न ही खैरागढ़ उपचुनाव के घोषणा पत्र में किये गए वादे पूरे होने वाले। भाजपा इन वादों को पूरा करने जनता के साथ मिलकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़ेगी।

Share
पढ़ें   कड़ाके की ठंड : प्रदेश में बढ़ी ठंड, राजधानी रायपुर में सामान्य से नीचे गिरा पारा, गर्म कपड़ों की बढ़ी मांग