कार्यभार संभालते ही एक्शन में कलेक्टर : स्वामी विवेकानंद स्कूल का कलेक्टर संजीव झा ने किया निरीक्षण, भोजन के लिये शेड के साथ सायकल स्टैंड बनाने के दिये निर्देश

Exclusive Latest छत्तीसगढ़ बड़ी ख़बर

प्रमोद मिश्रा

कोरबा 06 जुलाई 2022

कोरबा कलेक्टर के पद को संभालते ही संजीव झा एक्शन में नजर आने लगे हैं । आज कलेक्टर संजीव झा ने कोरबा शहर के पंप हाउस स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में स्थित डिजिटल क्लास रूम, भौतिकी, रसायन लैब, जीव विज्ञान लैब एवं पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने लैब में जाकर प्रेक्टिकल के लिए उपलब्ध सामग्रियों तथा आवश्यक उपकरणों को भी देखा। कलेक्टर संजीव झा ने बच्चो को दिये जाने वाले मध्यान्ह भोजन के बारे में भी जानकारी ली। उन्होने बच्चो के बैठकर भोजन करने के लिए किचन शेड निर्माण के निर्देश दिये। साथ ही साइकिल पार्किंग के लिए सायकल स्टैण्ड निर्माण के भी निर्देश मौके पर मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी जी.पी. भारद्वाज को दिये। कलेक्टर ने स्कूल में दो चपरासियों की पदस्थापना करने के भी निर्देश डीईओ को दिये। उन्होने स्कूल में शिक्षा गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने स्कूल में पानी सप्लाई के लिए अमृत मिशन के तहत् कनेक्शन देने के भी निर्देश दिये। कलेक्टर संजीव झा ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने लायब्रेरी में जाकर विद्यार्थियों के पढ़ने के लिए रखे गये पुस्तकों का भी अवलोकन किया। उन्होंने लायब्रेरी में सभी प्रकार के ज्ञानवर्धक पुस्तकों को रखने का भी सुझाव दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी गोवर्धन प्रसाद भारद्वाज, जिला मिशन समन्वयक एस.के. अम्बस्ट, स्कूल के प्राचार्य विवेक लाण्डे सहित शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

Share
पढ़ें   BJP प्रदेश अध्यक्ष ने फोन कर पूछा विधायक छन्नी साहू का हालचाल : अरुण साव ने फोन में छन्नी साहू से की बात, कल हुआ था छन्नी साहू पर हमला, साव बोले : "छत्तीसगढ़ महतारी की बहादुर बेटी है इसलिए बढ़ाया हौसला"